Now waiting for the result of PCS-2011
एक साल से फंसा पीसीएस मेंस 2017 का रिजल्ट
पीसीएस जे में तत्परता दिखाने वाले आयोग ने पीसीएस मेंस पर नहीं दिया ध्यान
अभ्यर्थियों ने यूपीपीएससी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, रिजल्ट देने की मांग
प्रयागराज। पीसीएस जे 2018 का अंतिम चयन परिणाम इंटरव्यू पूरा होने के तीन दिन बाद ही जारी हो जाने से अभ्यर्थियों के मन में अब एक ही सवाल कौंध रहा है। आयोग ने जितनी तत्परता पीसीएस जे का रिजल्ट जारी करने में दिखाई, क्या उतनी ही तेजी पीसीएस 2017 की मुख्य परीक्षा का परिणाम करने में दिखाएगा, जिसका आयोजन एक साल पहले किया गया था।
पीसीएस के 677 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा 24 सितंबर 2017 को हुई थी जबकि मुख्य परीक्षा मुख्य परीक्षा पिछले साल जून-जुलाई में आयोजित की गई। परीक्षा की शुरुआत में ही एक केंद्र में पहली पाली की परीक्षा के दौरान दूसरी पाली का पेपर बंट जाने के कारण सामान्य हिंदी एवं निबंध की परीक्षा निरस्त कर दी गई थी। इन दोनों पेपरों की परीक्षा आखिरी दिन छह जुलाई को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में भी प्रिंटिंग प्रेस की लापरवाही सामने आई थी और संबंधित प्रेस को आयोग ने ब्लैक लिस्ट कर दिया था।
परीक्षा के आयोजन को एक साल से अधिक समय बीत चुका है और आयोग में अब तक कॉपी जांचने का काम भी पूरा नहीं हुआ है। वहीं, पीसीएस जे की मुख्य परीक्षा के साढ़े पांच माह बाद ही आयोग ने इंटरव्यू कराकर अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थियों ने सवाल उठाया है कि अगर पीसीएस जे परीक्षा का परिणाम आयेाग इतने कम समय में जारी कर सकता है तो पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट देने में इतनी देर क्यों कर रहा है? अभ्यर्थियों ने मांग की है कि पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट तत्काल जारी करते हुए इंटरव्यू कराया जाए और अंतिम चयन परिणाम घोषित किया जाए।