प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि), इसके संघटक महाविद्यालयों और प्रो. राजेंद्र ङ्क्षसह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में शीतकालीन अवकाश शुरू हो गए हैं। इविवि और राज्य विवि अब नए साल में खुलेगा। इविवि में कर्मचारियों का अवकाश 31 दिसंबर तक रहेगा। उन्हें एक जनवरी से विश्वविद्यालय जाना होगा। वहीं, शिक्षकों का अवकाश एक जनवरी तक रहेगा, लेकिन दो एवं तीन जनवरी को शनिवार और रविवार के साप्ताहिक अवकाश के कारण शिक्षक अब चार जनवरी को विश्वविद्यसालय जाएंगे। वहीं, राज्य विश्वविद्यालय एवं इसके संघटक महाविद्यालयों में दो जनवरी तक अवकाश घोषित किया गया है।
शोध प्रवेश परीक्षा की तिथि टालने को दिया ज्ञापन
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी को प्रस्तावित है। छात्र परीक्षा तिथि टालने की मांग कर रहे हैं। छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर समाजवादी छात्रसभा के बैनर तले इलाहाबाद विश्ववविद्यालय में 156 दिनों से अनशन कर रहे छात्रों के बीच बृहस्पतिवार को यह मुद्दा उठा। छात्रों ने कहा कि 10 जनवरी को गोरखपुर विश्वविद्यालय की शोध प्रवेश परीक्षा भी प्रस्तावित है और वहां परीक्षा की तिथि पहले से घोषित हो चुकी है। इस मुद्दे पर छात्रों ने चीफ प्रॉक्टर के माध्यम से कुलपति को संबोधित ज्ञापन देकर मांग की कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रस्तावित परीक्षा की तिथि को टाल कर आगे बढ़ाया जाए। इस मौके पर छात्र नेता अजय यादव सम्राट, जिया कोनैन रिजवी, मो. सदाकत, राहुल पटेल, अरविंद सरोज, नवनीत यादव, मसूद अंसारी आदि मौजूद रहे।