Now three rakes of Allahabad-Jaipur Express to stop late
प्रयागराज। जयपुर से इलाहाबाद आने वाली जयपुर एक्सप्रेस की लेटलतीफी कम करने के लिए सर्दी के इस मौसम में रेलवे ने उसके लिए तीन रेक उपलब्ध करवा दिए हैं। एक अतिरिक्त रेक मिल जाने की वजह से अब ट्रेन अपने निर्धारित समय से ही जयपुर से इलाहाबाद के लिए चलने लगी है।
दरअसल पिछले दिनों ही अमर उजाला ने कोहरे की वजह से इस ट्रेन की जयपुर से लेटलतीफी का मामला उठाया था। क्योंकि इलाहाबाद जंक्शन से यह ट्रेन समय से तो चल जा रही थी लेकिन कोहरे की वजह से जयपुर पहुंचते-पहुंचते इसकी लेटलतीफी घंटों में हो जा रही थी। क्योंकि जंक्शन से जो रेक रवाना होता है वही जयपुर पहुंचने के बाद वापस होता है। इस ट्रेन का जयपुर पहुंचने 12.40 बजे है। वापसी में जयपुर से इसके चलने का समय दिन में 3.20 बजे है। बीते कुछ दिनों के दौरान यह ट्रेन विलंब से ही जयपुर पहुंच रही थी। इस वजह से ट्रेन वापसी में भी विलंब से चल रही थी। उधर पिछले दिनों एलएचबी का एक रेक मिल जाने के बाद रेलवे के पास इस ट्रेन के कुल तीन रेक हो गए। लेकिन संचालन दो रेक का ही हो रहा था। अब लेट लतीफी रोकने के लिए रेलवे ने तीनों ही रेक का उपयोग करना शुरू कर दिया है। ऐसे में अगर यह ट्रेन जयपुर भले ही विलंब से पहुंचे, लेकिन वहां एक रेक पहले से उपलब्ध होने की वजह से उसे समय से चलाया जा सकता है।