जल्द ही संगमनगरी से भगवान श्रीराम की अयोध्या नगरी सीधे जुड़ने जा रही है। इसके लिए प्रयागराज, प्रतापगढ़ बाईपास, प्रतापगढ़ कटका व सुल्तानपुर से अयोध्या के बीच लगभग 150 किलोमीटर लंबी फोर लेन सड़क बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। करीब 2600 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की इस परियोजना का काम छह से सात महीने में शुरू होने की संभावना है। बता दें कि प्रयागराज से प्रतापगढ़ के लिए फोर लेन सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है।
सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के तहत एनएच पीडब्ल्यूडी इस सड़क का निर्माण करने जा रहा है। जिसमें 166 करोड़ रुपये की लागत से 14 किलोमीटर लंबा बाईपास बनाया जाएगा। जिसके बाद लगभग 1290 करोड़ रुपये की लागत से 43 किलोमीटर लंबा प्रतापगढ़ से कटका सुल्तानपुर फोन लेन मार्ग व सुल्तानपुर से अयोध्या के लिए तकरीबन 1250 करोड़ से अधिक लागत का 42 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। जिसके बाद प्रयागराज से प्रतापगढ़ बाईपास होते हुए सुल्तानपुर कटका व फिर अयोध्या के लिए फोर लेन सड़क पर लोग आसानी से अयोध्या पहुंच सकेंगे। माना जा रहा है कि जनवरी माह के अंत तक प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल जाएगी।
वन विभाग की जमीन का फंसा पेंच
प्रतापगढ़, अमेठी व सुल्तानपुर मार्ग में वन विभाग की करीब 50 हेक्टेयर भूमि का पेंच फंस रहा है। ऐसे में वन विभाग से संपर्क साधा जा रहा है। हालांकि सूत्रों की मानें तो वन विभाग जल्द ही अपनी मंजूरी दे सकता है।