करछना थाने में बैठाए गए उपद्रवी। फाइल फोटो
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
प्रयागराज। करछना के भडेवरा बाजार में 75 लोगों की गिरफ्तारी के बाद तीसरे दिन पुलिस भीम आर्मी के दो आरोपी पदाधिकारियों की तलाश में जुटी रही। दोनों को साजिश रचने का आरोपी बनाया गया है और इनमें तहसील अध्यक्ष व उपाध्यक्ष शामिल हैं। उधर एक दिन पहले गिरफ्तार 23 अन्य लोग मंगलवार को जेल भेज दिए गए।
फिलहाल पुलिस अब यह पता लगाने में जुट गई है कि इस बवाल की साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। इसके लिए मोबाइल सर्विलांस का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस टीमें परंपरागत मुखबिर तंत्र से भी यह पता लगाने में जुटी हैं कि बवाल के पीछे किन लोगों का हाथ है। इससे पहले सोमवार को गिरफ्तार किए गए 23 अन्य लोगों से गहन पूछताछ की गई।
उधर तीसरे दिन भड़ेवरा बाजार में पूरी तरह शांति रही। दुकानें पूर्व की तरह ही खुलीं और बाजार में चहल पहल रही। फिलहाल एहतियातन बाजार में शिफ्टवार अलग-अलग थाने की फोर्स तैनात की जा रही है। साथ ही पर्यवेक्षण के लिए एसीपी स्तर के अधिकारी को भी तैनात किया जा रहा है।
शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। 75 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। मामले में जिन अन्य लोगाें की संलिप्तता रही है, उन्हें चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। - विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर
अब तक क्या हुआ
- 29 जून को हुए बवाल के मामले में 54 नामजद समेत कुल 604 लोगाें पर एफआईआर दर्ज की गई।
- इनमें 550 अज्ञात को भी आरोपी बनाया गया।
- अब तक 75 की हो चुकी है गिरफ्तारी।
- गिरफ्तार आरोपियों में 52 नामजद आरोपी।
- 23 अन्य गिरफ्तार आरोपी वह हैं, जिन्हें वीडियो फुटेज से चिह्नित किया गया
- भीम आर्मी के करछना तहसील अध्यक्ष अभय सिंह उर्फ सोनू और उपाध्यक्ष प्रतीक देव वर्मन भी हैं नामजद
- दोनों साजिश रचने के आरोपी, चल रही है तलाश