यात्री लंबे समय से मांग कर रहे थे कि एसी थ्री कोच में बेडरोल की सुविधा दी जाए, लेकिन रेलवे का तर्क था कि बर्थ बढ़ा दिए जाने की वजह से उसमें बेडरोल रखने की जगह नहीं है। फिलहाल बोर्ड स्तर पर हुई समीक्षा एवं रेलवे ससंदीय बोर्ड की सदस्य केशरी देवी पटेल द्वारा यह मुद्दा उठाने के बाद अब तय हुआ है कि एसी थ्री इकोनॉमी कोच में यात्रियों को 20 सितंबर 22 से बेडरोल की सुविधा दी जाएगी।
इसके लिए सभी इकोनॉमी कोच की बर्थ संख्या 81, 82 एवं 83 का इस्तेमाल बेडरोल रखने के लिए होगा। जिन यात्रियों को 20 सितंबर और उसके बाद की तिथियों में 81, 82 और 83 नंबर बर्थ पहले से आवंटित हो गई हैं उन्हें आपातकालीन कोटे वाली बर्थ आवंटित की जाएगी। रेलवे बोर्ड के निदेशक यांत्रिक इंजीनियर सुमन कुमार द्वारा इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र जारी किया गया है।
प्रयागराज मंडल की प्रमुख ट्रेनों में लगे हैं एसी थ्री इकोनॉमी कोच
एनसीआर प्रयागराज मंडल की कई ट्रेनें अब एसी थ्री इकोनॉमी कोच से लैस हो चुकी हैं। इसमें प्रयागराज-जयपुर, प्रयागराज एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, प्रयागराज-डा. आंबेडकरनगर, प्रयागराज-उधमपुर आदि प्रमुख रूप से शामिल है। इन सभी ट्रेनों में 15 एसी थ्री इकोनॉमी कोच लगे हुए हैं। इसके अलावा यहां से गुजरने वाली सीमांचल एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस, गोदान एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में इकोनॉमी कोच लगे हुए हैं।