डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजूकेशन (डीएलएड) प्रशिक्षण सत्र-2024 में दाखिले के लिए आवेदन की तिथि बढ़ा दी गई है। अब 22 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। 23 अक्तूबर तक शुल्क जमा करके 25 अक्तूबर तक पूर्ण भरे हुए आवेदन का प्रिंटआउट लिया जा सकता है। डीएलएड डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएपी) ने ऑनलाइन आवेदन का लिंक 18 सितंबर को जारी किया था।
इसका आवेदन वेबसाइट https://updeled.gov.in पर नाै अक्तूबर तक लिया गया था। 10 अक्तूबर तक शुल्क जमा करके 12 अक्तूबर तक आवेदन का प्रिंट लिया गया। इसमें 2.78 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इसमें स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकते हैं। इसकी अर्हता को लेकर कुछ लोग हाईकोर्ट गए थे। हाईकोर्ट ने अर्हता इंटरमीडिएट करने का आदेश दिया था।
उसके खिलाफ पीएनपी ने अपील करने की तैयारी की है। इसी बीच पीएनपी ने आवेदन की तिथि बढ़ाने का फैसला किया है लेकिन अर्हता पूर्व की तरह ही रहेगी। पीएनपी सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया, इसमें चयन के लिए हाईस्कूल, इंटरमीडिएट और स्नातक के अंकों के गुणांक के आधार पर मेरिट बनेगी। टाॅप मेरिट वालों का डायट में प्रवेश मिलेगा।
यह दो वर्षीय प्रशिक्षण है। प्रतिवर्ष प्रशिक्षण शुल्क 10,200 रुपये और निजी विद्यालयों में 41,000 रुपये है। आवेदन के लिए फिर से लिंक ओपन किया गया है। 25 अक्तूबर के बाद मेरिट जारी होगी और काउंसलिंग के बाद प्रवेश मिलेगा। उन्होंने बताया कि डीएलएड का प्रशिक्षण लेकर प्राइमरी विद्यालयों में शिक्षक की नौकरी मिलती है। प्रदेश के 66 डायट में डीएलएड की 10,600 सीटें हैं। इसके अलावा 3100 निजी डीएलएड काॅलेजों में 2.28 लाख सीटें हैं।