कोविड-19 की वजह से शादी-विवाह जैसे आयोजनों में जिला प्रशासन द्वारा अधिकतम 30 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति देने के निर्णय के बाद तमाम मैरिज हाउस एवं होटल संचालकों ने ग्राहकों को लुभाने के लिए सस्ते पैकेज का ऑफर पेश किया है। किसी ने 50 हजार तो किसी ने 99 हजार में पूरी शादी करवाने का पैकेज पेश किया है। कुछ ने बाकायदा इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी है।
शहर के होटलों के बैंक्वेट हाल में भले ही अभी शादी विवाह आदि आयोजन की अनुमति प्रशासन ने ना दी हो लेकिन मैरिज हाल ने इस तरह के आयोजन की बुकिंग शुरू कर दी हैं। कोविड-19 की वजह से सोशल डिस्टेसिंग का भी पालन हो और शादी भी अच्छे से निपट जाए इसके लिए मैरिज हाउस संचालकों ने लोगों को लुभावने ऑफर दिए हैं। स्टेनली रोड स्थित न्यू सारस्वत पैलेज के नीरज जायसवाल ने बताया कि क्योंकि अब सीमित संख्या में ही लोगों को शादी में आना है। इसी वजह से अब सस्ते ऑफर पेश किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सिर्फ दूल्हा दुल्हन ही पार्टी का होगा, बाकी सारा इंतजाम हम ही करेंगे। 90 से 95 हजार के पैकेज में नाश्ता, लंच, डिनर, सजावट आदि सब रहेगा।
इसी तरह केएन काटजू मैदान कीडगंज के संचालक बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि सामाजिक दूरी की वजह से प्रशासन ने 30 लोगों की ही अनुमति दी है। इसी वजह से उन्होंने शादी जैसे आयोजन के लिए महज 50 हजार में ही पैैकेज जारी किया है। इसमें भी सजावट, टेेंट से लेकर नाश्ता, खाना-पीना सब शामिल है। उधर होटल संचालक भी इसी तरह का पैकेज लांच करना चाह रहे हैं, लेकिन बैंक्वेट हाल की प्रशासन द्वारा मंजूरी न दिए जाने से वह परेशान है। आकाशवाणी के सामने प्रयाग इन होटल के रौनक गुप्ता ने बताया कि अगर बैंक्वेट हॉल खोलने की अनुमति मिले तो 99 हजार के पैकेज में वह होटल में आराम से शादी करवा सकते हैं। इसमें दो रूम भी कॉम्प्लीमेंट्री में शामिल रहेंगे। खाना-पीना, सजावट आदि भी इसमें शामिल रहेगा।