धर्मस्थलों में एक साथ सौ लोगों को प्रवेश करने की एडवाइजरी के बाद कोविड-नियमों के तहत मस्जिदों में सामूहिक तौर पर नमाज शुरू हो गई है। शनिवार को पहली बार पांचों वक्त की नमाज मस्जिदों में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अदा कराई गई। इसके लिए मुस्लिम धर्म गुरुओं ने अपनी ओर से गाइड लाइन जारी कर दी है। धर्म गुरुओं की गाइड लाइन पर ही मस्जिदें खोली जा रही हैं। बच्चों, बुजुर्गों और बीमारों को मस्जिदों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
शनिवार को मस्जिदों के दरवाजों, दीवारों और फर्शों को नमाज से पहले सैनिटाइज कराया गया। नमाज से पहले सैनिटाइजेशन कराने के लिए कहा गया है। इसके लिए इंतजामियां कमेटियों की ओर से इंतजाम किए गए हैं। उपासना स्थलों में एक साथ सौ लोगों की उपस्थिति में धार्मिक गतिविधियां शुरू करने की शासन की एडवाइजरी के बाद प्रयागराज में उलेमाओं ने गाइड लाइन जारी कर दी है। इसके दृष्टिगत मस्जिदों को लेकर जारी धर्म गुरुओं की गाइड लाइन में कहा गया है कि नमाज के लिए मस्जिद आने वाले घर से ही वजू करके आएं।
फासले के साथ ही नमाज अदा करने के लिए कहा गया है। मस्जिदों में भीड़ जमा न करने की सलाह दी गई है। फिलहाल बच्चों और बुजुर्गों को मस्जिदों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जुमे की नमाज के लिए भी यही व्यवस्था रहेगी। मास्क लगाकर नमाज अदा करने के साथ मस्जिदों से चटाई व कालीन हटाने को कहा गया है। नमाज से पहले फर्श सैनिटाइज करने, वजूखाने में साबुन रखने और वजू करते वक्त साबुन से हाथ धोना जरूरी किया गया है। मस्जिदों में रखी टोपियों का इस्तेमाल करने को कहा गया है। गले न मिलने और हाथ न मिलने की भी हिदायत दी गई है।
- सभी मस्जिदों में कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत पांचों पहर की नमाज शुरू करा दी गई है। इसके लिए खासतौर से सैनिटाइजेशन के इंतजाम किए गए हैं। बिना मास्क के किसी भी नमाजी को मस्जिदों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सौ से अधिक लोग जुमे की नमाज में भी हिस्सा नहीं ले सकेंगे। शासन की एडवाइजरी के अनुसार तय मानक पूरा होते ही मस्जिदों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। -शफीक अहमद शरीफी, मुफ्ती शहर-ए-काजी।
- अभी कोई गाइड लाइन नहीं मिली है, लेकिन धार्मिक गतिविधियां कुछ शर्तों के साथ शुरू कराने की सरकार की घोषणा के बाद मस्जिदों में नमाज कोविड-नियमों का पालन करते हुए शुरु कराई गई है। दूरी का पालन करते हुए मास्क लगाकर ही नमाज अदा की जाएगी। हसन रजा जैदी, इमाम-ए-जुमा, शिया जामा मस्जिद।