अब बिना तलाशी नहीं मिलेगा कचहरी में प्रवेश
0 जिला अदालत की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सौ से अधिक पुलिसकर्मी करेंगे निगरानी
0 वकीलों, वादकारियों सभी की होगी तलाशी, आए दिन हो रही घटनाओं के मद्देनजर बढ़ी सुरक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। अब अगर कचहरी जाना है तो जांच पड़ताल के लिए तैयार रहिए। गेट पर ही तलाशी देने के बाद परिसर में प्रवेश मिल सकेगा। जिला न्यायालय में आए दिन हो रही घटनाओं को देखते हुए परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी सिटी की ओर से जारी आदेश के तहत कचहरी की सुरक्षा के लिए सौ पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। ये न्यायालय परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात होंगे। इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में इनकी तैनाती की गई है।
कोर्ट परिसर में अधिवक्ता और वादकारियों की तलाशी के बाद ही उन्हें प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा के लिए कुछ पुलिसकर्मी परिसर में भ्रमणशील रह कर सघन तलाशी भी करेंगे। यह व्यवस्था एक सितंबर से लागू कर दी गई है। संघ के मंत्री राकेश कुमार दुबे ने बताया कि संघ और जिला जज के प्रयास के बाद परिसर की सुरक्षा का प्रस्ताव पुलिस प्रशासन द्वारा एक सितंबर से लागू किया जा सका है। सुरक्षा व्यवस्था में विभिन्न थानों से लगभग 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सभी प्रवेश द्वारों और परिसर के भीतर लगभग 22 स्थानों पर एक दरोगा सहित पांच पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। महिला आरक्षियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जिला जज एके ओझा ने परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्पेशल जज एमपीएमएलए पवन कुमार तिवारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस अधीक्षक नगर ने संपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का प्रभारी क्षेत्राधिकारी नगर चतुर्थ को बनाया है और उनकी सहायता के लिए प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज को नियुक्त किया है।
आपराधिक घटनाओं पर लगेगा अंकुश
प्रयागराज। अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष हरिसागर मिश्र और मंत्री राकेश दुबे ने परिसर में की गई सुरक्षा व्यवस्था पर कहा कि इससे आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगेगा। उन्होंने अधिवक्ताओं से परिसर में तैनात किए गए सुरक्षाकर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। अदालत आने वाले वादकारियों को भी सलाह दी गई है कि वे अपने वाहन के साथ कोर्ट परिसर में प्रवेश न करें। और न ही किसी तरह का असलहा और निषेधित वस्तु साथ लाएं।
इन स्थानों पर रहेगी पुलिस
0 जिला जज की कोर्ट के बाहर और अंदर के गेट पर
0 सीजेएम कोर्ट के गेट और पिछले पूर्वी गेट पर
0 जिला जज की कोर्ट से सीजेएम कोर्ट की गैलरी से स्पेशल कोर्ट जाने के रास्ते पर
0 लॉकअप की ओर के गेट
0 अधिवक्ता संघ की तरफ जाने वाले गेट ओर पश्चिमी गेट पर
0 कलेक्ट्रेट और जिला न्यायालय के मुख्य गेट और मुख्य गेट से बहुमंजिली न्याय भवन की सीढ़ियों पर
इसी तरह परिसर के बहुमंजिली न्यायभवन के कई अन्य स्थानों, अंडरग्राउंड पार्किंग के गेटों, एमपीएमएलए कोर्ट सहित अन्य स्थलों में स्थित डीएफएमडी, सीसीटीवी कैमरा कंट्रोल रूम, मुख्य गेट के पास लगाए गए बैगेज स्कैनर और कटरा पुलिस चौकी के सामने बने नवीन न्याय भवन के गेटों और परिसर के अन्य स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परिसर में तैनात किए गए कुछ पुलिसकर्मी सादे कपड़ो में भी निगरानी करेंगे।
नकली शराब बनाने में जमानत खारिज
प्रयागराज। जिला न्यायालय ने नकली अंग्रेजी शराब बनाने के मामले में आरोपी धीरेंद्र कुमार पटेल की जमानत अर्जी खारिज कर दी है। यह आदेश अपर जिला जज वीरभद्र ने एडीजीसी अजय साहू को सुनकर दिया है। घटना आठ जून 2019 सराय ममरेज थाने के चकहौदा गांव की है। आबकारी निरीक्षक कौशलेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने छापा मारा था। मौके से अभियुक्तगण भाग गए थे। आबकारी टीम ने मौके से नकली शराब शीशी, ढक्कन, रैपर, क्यू आर कोड और शराब की पेटी बरामद की थी। आरोप है कि अभियुक्तगण एक ब्रांडेड शराब की खाली शीशियों में नकली शराब भरने ,ढक्कन और क्यू आर कोड लगाने का काम कर रहे थे।