प्रयागराज। अतरसुइया में दिनदहाड़े आठ लाख की लूट की सूचना पर शनिवार दोपहर सनसनी फैल गई। आननफानन में स्कार्पियोसवार लुटेरों की तलाश में शहर भर में चेकिंग शुरू कर दी गई। बाद में रजिस्ट्री के विवाद में लूट की झूठी सूचना देने की बात सामने आने पर पुलिस ने राहत की सांस ली।
घटना शनिवार दोपहर तीन बजे की है। 112 नंबर पर एक व्यक्ति ने सूचना दी कि कल्याणी देवी इलाके में स्कॉर्पियोसवार बदमाश उससे आठ लाख रुपये लूट ले गए हैं। सूचना पर हड़कंप मच गया। सूचना दिनदहाड़े लूट की थी ऐसे में आननफानन में शहर भर में चेकिंग का आदेश दिया गया। गऊघाट, अटाला, बैरहना, झूंसी, यमुना बैंक रोड पर फोर्स लगाकर नाकेबंदी कराई गई। उधर चौकी प्रभारी शिवेंद्र, अजीत कुमार ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे कैमरों का फुटेज खंगाला तो उसमें कोई स्कॉपियो नजर नहीं आई। सख्ती से पूछताछ में शिकायतकर्ता टूट गया और कि जमीन की रजिस्ट्री के विवाद को लेकर उसने झूठी कहानी रची। पूछताछ में बताया कि एक व्यक्ति से उसने कल्याणी देवी मोहल्ले स्थित मकान का सौदा तय किया था। जिसकी शनिवार को रजिस्ट्री होनी थी। ऐन वक्त पर राजरूपपुर निवासी मकान विक्रेता रजिस्ट्री करने से मुकर गया। चूंकि उसने मकान का पूरा पैसा पहले ही ले लिया था, ऐसे में उसने लूट की झूठी सूचना देकर उसे फंसाने के लिए यह ड्रामा किया। इंस्पेक्टर अतरसुइया ने बताया कि आरोपी का भाई खुद को मीडियाकर्मी बताता है। फिलहाल उसे हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। मामले में उच्चाधिकारियों के आदेश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।