अतीक के नाम पर इंस्टाग्राम पर फिलहाल, तीन अकाउंट चलने की बात सामने आई है। इनमें से एक अतीक अहमद ऑफिशियल नाम से बने अकाउंट के 1.21 लाख फॉलोअर हैं। तीन दिन पहले इस पर उमर को लखनऊ में पेशी पर लाए जाने के दौरान बनाया गया वीडियो भी पोस्ट किया गया। इसके अलावा भी लगातार तस्वीरें व वीडियो पोस्ट किए जा रहे हैं। इसी तरह एक अकाउंट अतीक अहमद वन नाम से संचालित किया जा रहा है। अतीक अहमद एमपी नाम से भी एक अन्य अकाउंट चलाया जा रहा है, जिस पर करीब नौ हजार फॉलोअर हैं।
बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह कौन लोग हैं, जो इस नाम से अकाउंट बनाकर वीडियो और तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं। फिलहाल, पुलिस ने ऐसे लोगों के बारे में पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। डीसीपी अभिषेक भारती का कहना है कि पुलिस जांच में जुटी है। पता लगाया जा रहा है कि ऐसा कौन लोग कर रहे हैं।
उमर-अली के नाम से कुल 13 अकाउंट
सूत्रों का कहना है कि उमर व अली के नाम से इंस्टाग्राम पर कुल 13 अकाउंट चल रहे हैं। अली के नाम पर सात व उमर के नाम पर छह अकाउंट चल रहे हैं। अली के नाम पर चल रहे सभी अकाउंट पर लगभग दो लाख फॉलोअर हैं। इसी तरह उमर के नाम पर चल रहे अकाउंट पर भी एक लाख से ज्यादा फॉलोअर हैं।