इलाहाबाद और फूलपुर लोकसभा सीट के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होगा। अभी तक मात्र भाजपा ने दोनों संसदीय सीट तथा कांग्रेस ने फूलपुर से प्रत्याशी की घोषणा की है। सपा ने अभी पत्ता ही नहीं खोला है। ऐसे में पहले दिन बहुत गहमा-गहमी की उम्मीद नहीं है। हालांकि, प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। फार्म की बिक्री तथा नामांकन दिन में 11 से तीन बजे के बीच होगा। नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट के आसपास चौकसी बढ़ाने के साथ बैरीकेडिंग की गई है। सामने की सड़क को टिन शेड की मदद से दो भागों में बांट दिया गया है।
फूलपुर लोकसभा के लिए पूरी प्रक्रिया डीएम कोर्ट में पूरी की जाएगी। चुनाव अधिकारी भी डीएम भानु चंद्र गोस्वामी होंगे। वहीं इलाहाबाद सीट के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी के न्यायालय कक्ष में नामांकन होगा। सीडीओ अरविंद सिंह इस सीट के लिए चुनाव अधिकारी होंगे। नामांकन 23 अप्रैल तक किया जा सकेगा। हालांकि, इस दौरान 17 को महावीर जयंती, 19 को गुड फ्राइडे और 21 अप्रैल को रविवार को अवकाश रहेगा। इस तरह से नामांकन के लिए पांच दिन मिलेंगे। कलेक्ट्रेट गेट के सामने बैरीकेडिंग कर दी गई है। वहां से प्रत्याशी समेत कुल पांच लोग ही उसके भीतर प्रवेश कर पाएंगे। कलेक्ट्रेट के पास टेंपो स्टैंड तथा लक्ष्मी टाकीज चौराहा पर भी बैरीकेडिंग की गई है।
‘नामांकन और चुनाव की पूरी तैयारी की गई है। सभी अफसरों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं। आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस पर निगरानी के लिए टीम बनाई गई है। राजनीतिक दलों और नेताओं से अपील है कि वे आयोग की निर्देशों का पालन करें। - वीएस दुबे, एडीएम
नामांकन शुरू होने से एक दिन पहले सोमवार को निर्वाचन आयोग के अफसरों ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से चुनाव की तैयारियाें की समीक्षा की। आदर्श आचार संहिता का पालन, सुरक्षा व्यवस्था आदि बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। मंगलवार तक मतदाता सूची में सभी छूटे लोगों का नाम जोड़ने, हर बूथ पर रैंप बनवाने समेत सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अतिसंवेदनशील और संवेदनशील बूथों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने, वेबकॉस्टिंग आदि की बाबत भी जानकारी ली। उन्होंने अफसरों को अन्य जरूरी निर्देश भी दिए।
फूलपुर और इलाहाबाद लोकसभा सीट के लिए नामांकन करने वालों को 25 हजार रुपये का शुल्क (जमानत राशि) भरना होगा। एससी-एसटी के प्रत्याशियों को साढ़े बारह हजार रुपये शुल्क जमा करना होगा। नामांकन प्रपत्र के लिए अलग से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। चुनाव में अधिकतम व्यय की सीमा 70 लाख रुपये निर्धारित है।
प्रत्याशी को नामांकन पत्र के प्रारूप-26 के हर कालम को भरना होगा। यदि कोई कालम संबंधित नहीं है तो उसमें ‘शून्य’ या ‘लागू नहीं’ लिखना होगा। कोई कालम खाली नहीं छूटना चाहिए। नामांकन अधिकतम चार सेट में किया जा सकेगा। नामांकन पत्र के साथ दावों के समर्थन में सभी प्रमाणित दस्तावेज भी लगाने होंगे। इसके अलावा शपथ पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। नामांकन के साथ यदि शपथ पत्र या पार्टी सिंबल की बाबत प्रपत्र नहीं दिया है तो उसे नामांकन की आखिरी तारीख को दिन में तीन बजे से पहले जमा करना होगा। पहले प्रत्याशी को चल और अचल संपत्ति के साथ एक वर्ष का वित्तीय विवरण देना होता था। इस बार पांच वर्ष का पूरा विवरण देना होगा। निर्दलीय प्रत्याशी एक से अधिक सेट में नामांकन करते हैं तो चुनाव चिह्न का निर्धारण पहले सेट में दिए गए विकल्पों के आधार पर होगा। भले ही पहले सेट का नामांकन निरस्त हो गया हो।
चुनाव में आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने तथा खर्च सीमा पर नजर रखने के लिए हर प्रत्याशी का बैंक एकाउंट खुलवाया जाएगा। खाता नामांकन के एक दिन पहले खोलना होगा। चंदे की पूरी राशि इसी खाते में जमा करनी होगी। प्रत्याशियों को प्रचार में हुए खर्च का भुगतान इसी से खाते से करना होगा। प्रत्याशी 20 हजार रुपये से अधिक का भुगतान नगद नहीं कर सकेंगे। चेक या अन्य माध्यम से करना होगा। प्रत्याशियों को खाते का हिसाब भी समय-समय पर देना होगा। इसमें गड़बड़ी से उम्मीदवारी भी खतरे में पड़ सकती है।
महत्वपूर्ण निर्देश
0 चुनाव प्रचार में लगे वाहनों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी
0 प्रत्याशी के काफिला में अधिकतम 10 वाहन ही शामिल हाेंगे
0 पोलिंग एजेंट मोबाइल नहीं ले जा सकेंगे, वाहन की अनुमति भी पहले से ले लें
0 पोस्टर-बैनर स्वयं हटवा लें, अन्यथा खर्च वसूलने के साथ होगी कार्रवाई
0 व्यस्तम इलाके में नहीं होंगे रोड शो, शामिल होने वालाें की देनी होगा डिटेल
0 विगत 10 वर्ष में सरकारी आवास में रहने वाले प्रत्याशी को देना होगा नो ड्यूज
0 संसदीय क्षेत्र के बाहर के प्रत्याशी को देनी होगी मतदाता सूची की प्रति
नामांकन के मद्देनजर कलेक्ट्रेट तथा आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नामांकन की पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरे की नजर में पूरी की जाएगी। हर गतिविधि की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भी 200 मीटर की परिधि में सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जाएगी।
मतदाताओं को जागरूक करने के लिए पांच एलईडी वैन को डीएम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी वैन छह मई तक जिले के सभी 12 विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में जाएंगी। इनकी मदद से लोगों को मतदान का महत्व बताने के साथ ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया जाएगा। हर वैन पर जिला प्रशासन का एक अधिकारी पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया है। इस अवसर पर एडीएम प्रशासन वीएस दूबे, स्वीप प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय कुशवाहा, डॉ. निरंजन सिंह आदि मौजूद रहे।
बिजश जानसन स्कूल में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रम में सोमवार को 88 पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम मतदान अधिकारी अनुपस्थित रहे। इनके अलावा आठ मास्टर ट्रेनर भी अनुपस्थित रहे। औचक निरीक्षण पर पहुंचे डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने अनुपस्थिति मतदान कर्मियों के खिलाफ मुकदमा लिखाने का तथा विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रशिक्षण में मतदान की पूरी प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान आदि के बारे में बताया गया।