फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: कुत्तों का शोर... प्रशासन मौन

विज्ञापन
विज्ञापन
कस्बे व ग्रामीण इलाकों में आवारा कुत्ते राह चलते लोगों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों को शिकार बना रहे हैं। बीते 15 दिनों में मऊआइमा क्षेत्र में करीब 250 से अधिक लोगों को कुत्ते काट चुके हैं। इनमें से 55 फीसदी बच्चे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, प्रशासनिक अमला आवारा कुत्तों की धरपकड़ में तेजी नहीं दिखा रहा है। जिस वजह से आवारा कुत्तों का आतंक रोजाना बढ़ता जा रहा है। सर्वोच्च न्यायालय की सख्त टिप्पणी के बाद भी आवारा कुत्तों के शोर पर अंकुश लगाने में नगर पंचायत प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है।
विज्ञापन

मऊआइमा विकासखंड के ददौली नहर बाजार, हरिसेनगंज, नगर पंचायत मऊआइमा सहित ग्रामीण क्षेत्र के दर्जनों गांवों में कुत्तों ने दहशत मचा रखी है। बाजार के मुख्य चौराहों व सड़कों पर झुंड बनाकर घूम रहे ये आवारा कुत्ते कब, किसके ऊपर टूट पड़े कोई नहीं जानता। बाइक सवारों को कुत्ते भौंकते हुए दौड़ा ले रहे हैं। जिस वजह से कभी-कभी बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिरते-गिरते बचे हैं। आवारा कुत्ते स्कूली बच्चों और नौनिहालों को सबसे ज्यादा शिकार बना रहे हैं।
सीएचसी हरखपुर के प्रभारी डॉ. दिनेश चंद्र यादव के मुताबिक बीते 15 दिनों में अस्पताल में ज्ञानचंद, प्रमोद कुमार, सविता देवी, गुड्डी देवी सहित 96 लोग आवारा कुत्तों के शिकार हुए हैं। वह एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाने अस्पताल पहुंचे थे। जबकि सीएचसी मऊआइमा के फार्मासिस्ट अब्दुल हामिद के अनुसार एक से 18 नवंबर के बीच कुत्तों ने करीब 165 लोगों को काटा। उन्हें एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया। जिसमें 55 फीसदी बच्चे थे। सीएचसी के अलावा निजी अस्पतालों में भी कई लोगों ने एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया है।
विज्ञापन

बोले डॉक्टर

कुत्ते के काटने धीरे धीरे जख्म को धोएं

जख्म को साफ कर ठंडे पानी और हल्के साबुन से कम से कम 15 मिनट तक धीरे‑धीरे धोएं। अगर खून बह रहा है तो साफ कपड़े या बैंडेज से हल्का दबाएं। साफ कपड़े पर पॉवीडीन या हाइड्रोजन पेरॉक्साइड लगाकर जख्म को कवर कर जितना जल्दी हो सके अस्पताल जाएं। - डॉ. राकेश कुमार, सीएचसी प्रभारी मऊआइमा।
बोले अफसर
आवारा कुत्तों के काटने की शिकायत मिली है। जल्द ही नगर निगम से सामंजस्य बनाकर इनकी धरपकड़ शुरू की जाएगी। मीनाक्षी चतुर्वेदी अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत मऊआइमा।
..........................
आवारा कुत्तों के शिकार बने 317 लोग

बारा और शंकरगढ़ क्षेत्र में बीते एक सप्ताह में आवारा कुत्तों ने 317 लोगों को शिकार बनाया है। बावजूद इसके नगर पंचायत प्रशासन मौन है। वह आवारा कुत्तों की धरपकड़ में शिथिलता बरत रहा है। सीएचसी जसरा में एक सप्ताह में कुल 189 मरीज मिले हैं। मंगलवार को नौ लोगों को कुत्तों ने शिकार बनाया। जबकि 15 पुराने लोगों में अनुराग, बजरंगी, छोटू सहित अन्य ने अस्पताल पहुंचकर एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया।
शंकरगढ़ क्षेत्र में एक हफ्ते में 128 लोग आवारा कुत्तों के शिकार हुए हैं। यहां मंगलवार को 15 लोगों में 2 नए और 13 पुराने लोगों ने एंटी रेबीज का इंजेक्शन लगवाया है। शंकरगढ़ सीएचसी अधीक्षक के मुताबिक 353 खुराक दवा अस्पताल में उपलब्ध है। जसरा की सीएचसी अधीक्षक अंकिता पांडे ने बताया कि अस्पताल में 176 खुराक दवा अभी उपलब्ध है। मामले में शंकरगढ़ नगर पंचायत की चेयरमैन पार्वती कोटार्य ने बताया कि आवारा कुत्तों की धरपकड़ का निर्देश मिला है। अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें