तहसील करछना में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस पर कुल 155 शिकायतें दर्ज की गईं लेकिन निस्तारण किसी का नहीं हुआ। फरियादियों ने कहा कि समाधान अब सिर्फ आश्वासन दिवस बनकर रह गया है। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है।
समाधान दिवस के दौरान एसडीएम करछना भारती मीणा ने अधिकारियों से शिकायतों की जानकारी ली। अधिकांश शिकायतें राजस्व संबंधी थीं, जिनमें जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद, विद्युत, आवास, नाली और पेंशन जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। फरियादियों का कहना था कि वह महीनों से अपनी समस्याओं को लेकर तहसील और थाना स्तर पर चक्कर काट रहे हैं लेकिन समाधान नहीं हो पा रहा।
वहीं, अधिकारियों का कहना है कि कुछ मामलों में जांच-पड़ताल के बाद ही कार्रवाई संभव है। प्रमुख शिकायतों में पनासा उपहार गांव के अंजनी कुमार गुप्ता ने बटाईदार द्वारा जमीन पर कब्जा करने की शिकायत की, घटवा गांव के अखिलेश सिंह ने भूमिधारी जमीन पर अतिक्रमण करने की शिकायत की। इस मौके पर एसीपी अरुण कुमार त्रिपाठी, तहसीलदार बृजेश कुमार, नायब तहसीलदार अनुग्रह नारायण सिंह, नायब तहसीलदार संतोष यादव, कानूनगो राजेश जायसवाल, विनोद भारतीय मौजूद रहे।