इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि कार्यकाल खत्म होने के बाद संविदाकर्मी को पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। दोबारा नियुक्ति के लिए वह नए सिरे से प्रार्थना पत्र दे सकता है। इस टिप्पणी संग न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की अदालत ने पॉलिटेक्निक फतेहपुर में प्रभारी अधिकारी के रूप में संविदा के आधार पर तैनात रहे कर्नल विभाई मानसिंह की याचिका खारिज कर दी।
मामले के मुताबिक, याची अगस्त 2025 में 31 मार्च 2026 तक के लिए संविदा पर नियुक्त किया गया था। कार्यकाल समाप्त होने पर विभाग ने उन्हें पद छोड़ने का नोटिस दिया। इसके खिलाफ याची ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
दलील दी कि नियमानुसार संविदा अवधि दो वर्ष की होनी चाहिए। हालांकि, अदालत ने कहा कि जब याची ने 31 मार्च तक की नियुक्ति की शर्तों को बिना विरोध स्वीकार किया था, तो अब वह कार्यकाल बढ़ाने की मांग नहीं कर सकते। कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि कार्यकाल पूरा होने पर विभाग का नोटिस देना सही है। हालांकि, कोर्ट ने याची को यह छूट दी है कि यदि वे चाहें तो भविष्य में दोबारा संविदा नियुक्ति के लिए अधिकारियों के समक्ष प्रार्थना पत्र दे सकते हैं।