प्रयागराज में अयोध्या और गोरखपुर की तर्ज पर आवश्यक नियम, शर्त के आधार पर दुकान खोले जाने पर डीएम प्रयागराज ने मना कर दिया है। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी से प्रयागराज में दुकान खोले जाने को लेकर हुई मुलाकात के बाद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने बताया कि प्रयागराज में कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है। इस वजह से जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अभी दुकानों को खोले जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती है।
मंगलवार पांच मई को ही प्रयाग व्यापार मंडल एवं सिविल लाइंस व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी से मुलाकात की थी। इस दौरान व्यापारियों ने सांसद से अयोध्या एवं गोरखपुर की तर्ज पर आवश्यक नियम, शर्तों के साथ दुकानें एवं शोरूम खोले जाने का आग्रह किया था। तब सांसद ने इस मामले में डीएम से वार्ता करने की बात कही थी। सांसद ने डीएम से इस संबंध में वार्ता भी की। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि व्यापारियों को लॉक डाउन के दौरान हो रही समस्या के बारे में डीएम को अवगत कराया। लेकिन जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे मामले को देखते हुए डीएम ने उन्हें आश्वस्त किया है कि संक्रमण का खतरा कम होने के बाद ही व्यापारियों को दुकान खोले जाने की अनुमति दी जाएगी। डीएम से मुलाकात के दौरान डा. शशिकांत तिवारी, संत प्रसाद पांडेय, अभिषेक शुक्ला आदि मौजूद रहे।