स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय (एसआरएन) के ट्रॉमा सेंटर में गंभीर मरीजों को पैथोलॉजी से संबंधित जांच के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। ऐसे में जल्द रिपोर्ट मिलने के बाद मरीज का इलाज समय रहते शुरू हो सकेगा।
गंभीर मरीजों को कम समय में पैथोलॉजी से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर की पैथोलॉजी लैब में दो नई अत्याधुनिक बायोकेमिस्ट्री विश्लेषक मशीनें स्थापित की गई हैं। मशीनों से सीरम यूरिया, सीरम क्रिएटिनिन, सीरम बिलीरुबिन, एसजीपीटी, एसजीओटी, ब्लड शुगर और सीरम इलेक्ट्रोलाइट्स जैसी कई महत्वपूर्ण जांचें ट्रॉमा सेंटर में ही हो सकेंगी।
प्राचार्य एके वर्मा ने कहा कि ट्रॉमा सेंटर को लगातार सशक्त किया जा रहा है। ट्रॉमा सेंटर में पहले से पैथोलॉजी सेवाएं उपलब्ध हैं। नई मशीनों से जांच व्यवस्था और मजबूत व आधुनिक होगी। इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल लाभ मिलेगा।