इलाहाबाद विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में रात दस बजे के बाद छात्रों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह दिशा निर्देश जारी होते ही पीसीबी हॉस्टल में नोटिस लगा दिया गया है। हॉस्टलों के गेट सुबह पांच बजे खुलेंगे और रात दस बजे बंद हो जाएंगे।
पीसीबी हॉस्टल में ही पूर्व छात्र रोहित शुक्ला की हत्या हुई थी और हाईकोर्ट की फटकार के बाद हॉस्टलों में सुधार की कवायद शुरू की गई। हॉस्टलों में लगाया गया नोटिस भी इसी कवायद का एक हिस्सा है। इससे पूर्व हॉस्टलों में अभियान चलाकर उन कमरों को सील कर दिया गया है, जिन पर अवैध कब्जे थे। पीसीएसी हॉस्टल में अधीक्षक डॉॅ. राहुल पटेल की ओर से लगाए नोटिस में कहा गया है कि हॉस्टल में अवैध व्यक्तियों और चौपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।
छात्रावास में आगमन एवं प्रस्थान से संबंधित सभी जानकारी इंट्री रजिस्टर में दर्ज की जाएगी। छात्रावास में बिना वैध पहचान पत्र के प्रवेश करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार खुलने का समय सुबह पांच बजे और बंद होने का समय रात दस बजे निर्धारित किया गया है। अधीक्षक डॉ. राहुल पटेल ने बताया कि हॉस्टल के मुख्य गेट पर गार्ड को नियमित रूप से तैनात कर दिया गया है। हॉस्टल में कुल चार गार्ड हैं, जिनकी अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है।