पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू हुए करीब चार साल बीत गए, लेकिन बरौत बाजार की तस्वीर आज भी नहीं बदली। नेशनल हाईवे पर लगने वाला भीषण जाम कस्बे की पहचान बनता जा रहा है।
सुबह पांच बजे से देर रात तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। हालात इतने बदतर हैं कि हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को चंद कदम का सफर तय करने में भी घंटों जूझना पड़ता है।
बरौत बाजार में अतिक्रमण ने हाईवे की रफ्तार पर पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। फोरलेन की दोनों सड़कों पर सब्जी की दुकानें, फल के ठेले और डग्गामार वाहनों का कब्जा रहता है।
यहां तक कि बीच का डिवाइडर भी अतिक्रमण से अछूता नहीं है। सड़क पर दुकानें सजने और वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से हाईवे की चौड़ाई सिमटकर रह गई है। जाम से बचने के लिए रोडवेज बसें ओवरब्रिज से गुजर जाती हैं।
ऐसे में सड़क किनारे बसों का इंतजार कर रहे यात्री हाथ मलते रह जाते हैं। किसी को दफ्तर पहुंचना होता है तो किसी को अस्पताल, लेकिन जाम और बसों की मनमानी आवाजाही के बीच यात्रियों की मजबूरी कोई समझने वाला नहीं है।
दम तोड़ती आपातकालीन सेवाएं, एंबुलेंस की राह भी बाधित
जाम का सबसे खतरनाक पहलू आपातकालीन सेवाओं पर पड़ रहा असर है। आए दिन एंबुलेंस के जाम में फंसने की शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में देरी का खतरा बना रहता है।
स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को भी इस समस्या से दो-चार होना पड़ता है। अतिक्रमण हटाने को लेकर वाहन चालकों और दुकानदारों के बीच आए दिन विवाद होता है, जो कई बार मारपीट तक पहुंच जाता है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे बने कुछ भवन मालिक अपने भवनों के सामने सब्जी की दुकानें लगवाते हैं और उनके आगे फल के ठेले खड़े कराए जाते हैं।
इसके बदले दुकानदारों से प्रतिदिन 50 से 100 रुपये तक वसूले जाने की बात कही जा रही है। आरोप है कि निजी कमाई के लालच में सार्वजनिक सड़क को दुकानदारी का अड्डा बना दिया गया है। इससे आम जनता को रोजाना जाम की कीमत चुकानी पड़ रही है।