बिजली-पानी केलिए सड़क
जाम,पुलिस ने भांजी लाठियां
क्रासर
करेली उपकेंद्र पर धरनारत लोगों का हंगामा, बिजली कर्मचारी भागे
सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ ने संभाला मोर्चा, तीसरे दिन भी नहीं ढूंढा जा सका फाल्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। तीन दिन से बिजली-पानी न होने से नाराज करेलाबाग की करीब तीन लाख की आबादी में हाहाकार मच गया। सड़क की पटरियों, छतों पर रात गुजारने वाले हजारों लोग शुक्रवार सुबह सड़क पर उतर आए। लोगों ने करेली उपकेंद्र घेर लिया। इस दौरान कर्मचारी भाग खड़े हुए। जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची, लेकिन गुस्साई भीड़ कुछ सुनने के लिए तैयार नहीं थी। दोपहर बाद पहलवान चौराहे पर चक्का जाम कर रहे लोगों को पुलिस ने लाठियां पटक कर खदेड़ा। बवाल बढ़ने पर सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ ने मोर्चा संभाला, लेकिन लोग मानने के लिए तैयार नहीं हुए। देर रात तक कई मोहल्लों में बिजली नहीं आ सकी थी।
बिजली न आने से वाटर वर्क्स ठप पड़ा है। इससे खुसरोबाग से पानी की आपूर्ति न होने से पुराने शहर में नहाने-धोने और खाना बनाने तक के लिए पानी का संकट पैदा हो गया है। 33 केवी क्षमता वाले करेली उपकेंद्र को जोड़ने वाली अंडरग्राउंड केबल लोड नहीं ले पा रही है। तीन दिन के भीतर करेलाबाग डिवीजन के एक्सईएन महेंद्र प्रसाद, एसडीओ मंगला प्रसाद, जेई समेत अन्य कर्मचारी एक तरफ फाल्ट ढूंढकर मरम्मत करा रहे हैं तो दूसरी ओर केबल जल जा रही है। फिलहाल असल फाल्ट न मिल पाने की वजह से तीन दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने के बाद शुक्रवार को लोगों का धैर्य जवाब दे गया। सुबह से ही उपकेंद्र पर नारेबाजी शुरू हो गई। कुछ लोग सड़क पर धरना देने लगे। जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट पहुंचे तो वह बवाल की आशंका से थाने पर ही रुक गए। वहां उन्होंने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त कर पहुंचने का आग्रह किया, लेकिन लोग हटने के लिए तैयार नहीं थे। किसी तरह पुलिस ने दबाव बनाकर वहां से गुस्साए लोगों को हटाया। अफसर कुछ देर में फाल्ट ठीक कराकर आपूर्ति शुरू कराने का भरोसा दिला रहे थे। दोपहर बाद चार बजे तक बिजली नहीं आई तो फिर लोगों ने पहलवान चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। सड़क जाम होने से पटरियों पर दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। अफसरों के समझाने के बाद भी जब जाम नहीं खुला तब पुलिस ने लाठियां भांजनी शुरू कर दीं। हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने बिजली-पानी के लिए सड़क जाम कर रहे लोगों को खदेड़ा। दिन भर बवाल, हंगामे के बाद भी देर रात तक न फाल्ट ढूंढा जा सका न बिजली आ सकी। सरियापुर, करेला बाग, करेला बाग गांव, शास्त्री नगर, रसूलपुर, तुलसीपुर, 16 मार्केट, हड्डी गोदाम, अबू बकर मस्जिद, लाल कॉलोनी समेत पचासों मोहल्लों में तीसरे दिन भी लोग अंधेरे में रात गुजारने के लिए मजबूर रहे।
Nigam Sticks on those who have blocked the road for electricity and water in Prayagraj- फोटो : CITY DESK
Nigam Sticks on those who have blocked the road for electricity and water in Prayagraj- फोटो : CITY DESK