इलाहाबाद। अगर आप जमीन या मकान खरीदने की सोच रहे हैं तो फटाफट यह काम पूरा कर लें। अगले महीने से जमीन का सरकारी रेट बढ़ने वाला है। नया सर्किल रेट लागू करने के लिए शहर और ग्रामीण इलाकों में सर्वे शुरू करा दिया गया है और इस बाबत सभी तहसीलदारों एवं उपनिबंधकों को पत्र भी जारी कर दिया गया है। नया सर्किल रेट अगस्त से लागू होना है। सर्किल रेट बढ़ने के बाद रजिस्ट्री और महंगी पड़ेगी।
सर्किल रेट पुनरीक्षण के तहत जिले में तहसीलवार सर्वे कराया जा रहा है। निबंधन विभाग के सूत्रों के मुताबिक ज्यादातर इलाकों में रेट बढ़ाए जाने की तैयारी है। इसमें 15 से 25 फीसदी तक की वृद्धि की जा सकती है। शहरी क्षेत्र और इससे सटे इलाकों नैनी, झूंसी, फाफामऊ, बम्हरौली जैसे इलाकों में रेट ज्यादा बढ़ने की संभावना है। हालांकि पुनरीक्षण के बाद रेट लिस्ट लागू होने से पहले आपत्तियां ली जाएंगी और उनका निस्तारण भी किया जाएगा।
हालांकि इससे लोगों को बहुत राहत नहीं मिलने वाली, क्योंकि हर बार रेट लिस्ट फाइनल करने से पहले आपत्तियां ली जाती हैं लेकिन इसका खास प्रभाव नजर नहीं आता। आशंका है कि इस बार भी सर्किल रेट में बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर भारी पड़ेगी। हालांकि अफसर इस बारे में अभी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं हैं। एआईजी स्टाम्प पीके सिंह का कहना है कि यह सर्वे और आपत्तियों के बाद रेट लिस्ट फाइनल होने पर ही मालूम हो सकेगा कि सर्किल रेट बढ़ता है या नहीं। फिलहाल सर्वे शुरू करा दिया गया है।