प्रयागराज। प्रयागराज छिवकी, प्रयागराज रामबाग और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को लिफ्ट की सुविधा अगले माह से मिलनी शुरू हो जाएगी। इन तीनों ही रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को दस लिफ्ट का तोहफा मिलने जा रहा है। सूबेदारगंज में लगाई गई लिफ्ट का ट्रायल भी शुरू हो गया है। इसका उद्घाटन अगले माह की शुरूआत में होने की उम्मीद है।
दरअसल, उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन ने प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन पर तीन और सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर चार लिफ्ट लगाई हैं। इसके अलावा पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा प्रयागराज रामबाग स्टेशन पर तीन लिफ्ट लगाई गई हैं।
छिवकी रेलवे स्टेशन पर लिफ्ट लगाए जाने का कार्य तकरीबन पूरा हो चुका है, जबकि रामबाग में दो लिफ्ट लगा दी गई हैं। यहां तीसरी लिफ्ट का काम भी पूरा होने को है। एनसीआर प्रशासन द्वारा सूबेदारगंज और प्रयागराज छिवकी में लगाई गई लिफ्ट का उद्घाटन अगले माह कराए जाने की तैयारी है। इसके उद्घाटन की तारीख का जल्द ही एलान होगा।
वहीं, रामबाग में लगीं तीनों लिफ्ट भी अगले माह शुरू किए जाने की बात कही जा रही है। फिलहाल इन तीनों ही स्टेशनों पर लिफ्ट की सुविधा शुरू हो जाने के बाद यात्रियों को फुट ओवरब्रिज चढ़ने और उतरने के दौरान होने वाली परेशानी से मुक्ति मिल जाएगी। प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि सूबेदारगंज और छिवकी रेलवे स्टेशन पर लगी लिफ्ट का जल्द ही उद्घाटन होगा।
प्रयागराज मंडल के स्टेशनों पर लगीं लिफ्ट का ब्योरा
कानपुर सेंट्रल - छह, प्रयागराज जंक्शन - चार, अलीगढ़ जंक्शन - चार, टूंडला जंक्शन - तीन, इटावा - तीन, मिर्जापुर- दो, विंध्याचल - दो।