कार्यशाला के समापनपर बोले डॉ. धनंजय चोपड़ा
प्रयागराज, 29 नवंबर। समाचारों की दुनिया अद्भुत और रोचक होती है। समाचार गढ़ने की अलग तकनीक है तो संपादन एक अलग कला है। यह बात इलाहाबाद विश्वविद्यालय के सेंटर ऑफ मीडिया स्टडीज के समन्वयक डॉ. धनंजय चोपड़ा ने जगत तारन गर्ल्स डिग्री कॉलेज में आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला के समापन पर कही।
‘समाचार लेखन एवं संपादन’ विषय पर आयोजित कार्यशाला में वरिष्ठ पत्रकार अभिलाष नारायण ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता में बहुत बदलाव आ रहे हैं। समचार लेखन में भी चुनौती बढ़ी है। कम शब्दों में अधिक से अधिक जानकारी पाठकों, दर्शकों एवं श्रोताओं तक पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं होता। कॉलेज की प्राचार्य प्रो. कमला दुबे ने कहा कि छात्राओं को रोजगार परक प्रशिक्षण देने की दिशा में ही इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। हिंदी विभाग की अध्यक्ष डॉ. रतन कुमारी वर्मा ने कार्यशाला के बारे में जानकारी दी। इस दौरान सभी प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।