दो नवनियुक्त डीसीपी बृहस्पतिवार देर रात प्रयागराज पहुंच गए। इनमें सिद्धार्थ शंकर मीणा और कुलदीप सिंह गुनावत शामिल हैं। फिलहाल अभी यह तय होना बाकी है कि दोनों अफसरों को किस पद पर नियुक्ति दी जानी है।
अब तक डीसीपी नगर के पद पर तैनात रहे आईपीएस दीपक भूकर बृहस्पतिवार देर रात उन्नाव पहुंच गए। उन्हें उन्नाव का नया एसपी बनाया गया है। गौरतलब है कि सिद्धार्थ शंकर मीणा अब तक एसपी उन्नाव के पद पर तैनात थे। प्रयागराज से उनका पुराना नाता रहा है। 2018 में वह यहां एसपी सिटी के पद पर तैनात रह चुके हैं। इसके अलावा एसपी जीआरपी के पद पर भी उन्होंने प्रयागराज में सेवाएं दी हैं।
वह 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं। उधर कुलदीप सिंह गुनावत 2017 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह संभल जिले के कप्तान रह चुके हैं। फील्ड पोस्टिंग में अच्छा खासा अनुभव होने के चलते ही दोनों अफसरों को प्रयागराज में नई तैनाती दी गई है। माना जा रहा है कि उनके अनुभवों का लाभ कुंभ में प्रयागराज पुलिस को मिलेगा।