उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के अंतर्गत स्टेशनों पर यात्रियों को खानपान और पानी की बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कार्यालय ने प्रयागराज मंडल के अलग-अलग स्टेशनों पर बहुउद्देशीय स्टाल, खानपान स्टाल और वाटर वेंडिंग मशीन के अनुबंध के लिए ऑनलाइन बोलियां आमंत्रित की हैं।
विज्ञापन
इसकी प्रक्रिया आईआरईपीएस के ई-नीलामी मॉड्यूल के माध्यम से होगी। स्टेशनों पर इन इकाइयों को पांच साल के लिए आवंटित किया जाएगा। योजना के तहत सूबेदारगंज, अलीगढ़, विंध्याचल, कानपुर नगर के अनवरगंज, फतेहपुर, सोनभद्र, हाथरस, मैनपुरी और खुर्जा समेत कई छोटे-बड़े स्टेशनों को कवर किया गया है। स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या, जरूरत को देखते हुए अलग-अलग श्रेणियों में स्टाल और वाटर वेंडिंग मशीन की संख्या तय की गई है।
बहुउद्देशीय स्टाल के लिए ई-नीलामी एक जून 2026 से शुरू होगी। खानपान इकाइयों और वाटर वेंडिंग मशीन के लिए अलग-अलग स्लॉट में तीन जून, चार जून और पांच जून 2026 को सुबह 11 बजे से ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी।