इलाहाबाद। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर विभिन्न सामाजिक और शैक्षिक संगठनों की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। नेताजी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ ही उनके बताए रास्ते पर चलने और आदर्शोें को अपनाने की सीख दी गई।
जय हिंद फाउंडेशन की ओर से नेताजी को अग्निमय श्रद्धांजलि दी गई। सुभाष चौक पर मोमबत्ती और मशालें जलाईं गई। जिसमें कार्यकर्ताओं के साथ ही राहगीरों ने भी अपनी भागीदारी दी। इस दौरान दिलीप, प्रदीप, लक्ष्मण, आशुतोष समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। दरभंगा कॉलोनी पूजा कमेटी की ओर से सुभाष चंद्र बोस जयंती पर दरभंगा दुर्गा पूजा पार्क में छठवां स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिसमें 54 लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान लोगों ने रक्त दान के प्रति लोगों की जागरूक करने का संकल्प भी लिया। आगाज फाउंडेशन की ओर से नेताजी की जयंती पर बालश्रम के खिलाफ और बाल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए नन्हें आंखों के सपने नुक्कड़ नाटक किया गया। बंगाली सोशल एंड वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से नेताजी की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित न किए जाने पर नाराजगी जताई गई। कांग्रेस नेता किशोर वार्ष्णेय ने सुभाष चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भारत रत्न देने की मांग की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में नवीन तिवारी, संतोष पांडेय, अजीत उपाध्याय आदि ने अपन विचार व्यक्त किए। ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक एसोसिएशन की ओर से विवि के कला एवं विज्ञान संकाय में संकल्प यात्रा निकाली गई। छात्रों ने क्रांतिकारी गीत गाते हुए उन्हें याद किया। सभा में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. झरना मालवीय ने कहा कि सुभाषचंद्र बोस की जीवन से प्रेरणा लेने की जरूरत है। सभा में इविवि छात्रसंघ के सांस्कृतिक सचिव अंकुश दुबे, दीपांकर, महेंद्र, संदीप, राजकुमार, मार्कंडेय, आलोकानंद, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।
ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ आर्गनाईजेशन की ओर से अल्लापुर, चंद्रशेखर आजाद पार्क, कालिंदीपुर, छोटा बघाड़ा में जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. मोहित कुमार बनर्जी स्मृति समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जयंती को राष्ट्रीय पर्व घोषित किए जाने की मांग की। इस मौके पर गौतम बनर्जी, उत्तम बनर्जी, सुमित वैश्य बोथा, विवेक मिश्रा, सुजय सरकार आदि मौजूद रहे।
सद्भावना की ओर से धर्म एवं राजनीति विषय पर संगोष्ठी और कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। शिव सेना की ओर से भी नेताजी और बाला साहेब ठाकरे की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इसके साथ ही एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ, नेता जी सुभाष चंद्र बोस समिति, स्वदेश समर्पण, देशभक्त सेवा संस्थान, मानव जागृति विकास समिति, अवकाश प्राप्त रेलवे कर्मचारी हितकारी समिति समेत सभी संगठनों की ओर से सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।