हिरासत में लिए गए पड़ोसी और उसकी पत्नी के बयान में अंतर, गहराया शक
धूमनगंज में आरपीएफ दरोगा की पत्नी पुष्पा देवी (48) की मौत की गुत्थी तीसरे दिन भी उलझी रही। फिलहाल अब तक कि जांच में पुलिस का यही मानना है कि घटना का राज घर के भीतर ही छिपा है। उधर, हिरासत में लिए गए पड़ोसी से पूछताछ मंगलवार को भी जारी रही।
पुलिस ने पड़ोसी की पत्नी से भी पूछताछ की है। पति-पत्नी के बयान में अंतर है और यही वजह है कि पड़ोसी पर शक गहराया है। यह बात भी सामने आई है कि उसकी पत्नी का मृतका से मेलजोल था। वह रोजाना साथ में ही दूध लेने जाया करती थीं। यही नहीं वह उनके घर भी आया जाया करती थी।
इसकी जानकारी पर पुलिस ने जब उसे पति के सामने बैठाकर पूछताछ की तो कुछ ऐसी बातें सामने आईं, जिससे शक गहरा गया। दरअसल, घटना के बाद पड़ोसी गायब हो गया था। उसने इसका जो कारण बताया, इस बारे में जब पूछा गया तो उसकी पत्नी ने जानकारी से इन्कार कर दिया। पति-पत्नी के बयान में अंतर से पड़ोसी अब भी शक के दायरे में है। धूमनगंज इंस्पेक्टर राजेश मौर्य का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।