रेलगांव में पौधरोपण करते गंगा टास्क फोर्स के सदस्य।
- फोटो : अमर उजाला।
उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर ) में मनाए जा रहे पर्यावरण पखवाड़े के तहत रविवार को जोन के प्रयागराज, आगरा एवं झांसी मंडल के तमाम स्थानों पर एक लाख पौधे लगाए। रेलवे कालोनियों एवं अन्य स्थानों पर आम, नीम, पीपल, कटहल आदि के पौधे लगाने पर ही रेलवे का जोर रहा। एनसीआर मुख्यालय के रेलगांव की बात करें तो यहां छह हजार पौधे लगाए गए। इस दौरान पेड़ों की देखभाल करने का भी संकल्प लिया गया।
खास बात यह रही कि रेलवे द्वारा कुछ स्थानों पर प्लांटेशन के लिए फेंसिंग, डि्रप इरीगेशन आदि की भी व्यवस्था की गई। इस दौरान प्रयागराज मंडल के 40 हजार, झांसी मंडल में 35 हजार एवं आगरा मंडल में 25 हजार पौधे लगाए गए। रेलगांव कालोनी में अपर महाप्रबंधक जेएस लॉकरा, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर अनिमेष कुमार सिन्हा पौधरोपण करने के साथ ही लोगों को हरित शपथ दिलाई।
पौध रोपण कार्यक्रम में गंगा टास्क फोर्स के सदस्यों ने भी सहयोग दिया। टॉस्क फोर्स के कमान अधिकारी अरविंद कुमार संकरन तथा लेफ्टिनेंट कर्नल मिलन मिश्रा और उनकी टीम में शामिल सूबेदार सर्वेश, महेंद्र, हवलदार सत्येंद्र आदि ने भी कई पौधे लगाए। इस अवसर पर सफाई कर्मियों को स्टील की बोतलें एवं कपड़े के थैले बांटे गए। पौधरोपण कार्य में लगे बच्चों को भी उपहार दिया गया। एनसीआर के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि एनसीआर में 22 मई से पर्यावरण पखवाड़े की शुरूआत हुई है।
इस मौके पर तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पांच जून तक चलने वाले इस पखवाड़े में तमाम जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बताया कि इसी क्रम में रविवार मुख्यालय के साथ-साथ सभी मंडलों एवं कारखाने एवं स्टेशनों में भी वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत पौधे लगाए गए । इस अवसर पर प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी एनसीएस बालचंद्र अय्यर, विपिन कुमार, हिमांशु बडोनी, राजीव कुमार सिंह, आरडी मौर्य, मो. जावेद, बीके त्रिपाठी, शिवाजी कदम आदि मौजूद रहे।