कोरोना काल में उत्तर मध्य रेलवे की ओर से बृहस्पवितार को ऑक्सीजन एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर किए गए कार्यों का ब्यौरा रेलवे बोर्ड को दिया गया। इस दौरान बताया गया कि प्रयागराज और झांसी कोविड-3 वार्ड के कुल 200 बेड में 47 बेड सेंट्रलाइज्ड पाइप्ड मल्टीफोल्ड ऑक्सीजन आपूर्ति व्यवस्था से सुसज्जित हैं। इसके अलावा 153 बेड के साथ व्यक्तिगत ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराये गये हैं। इसके अलावा एनसीआर ने केंद्रीय चिकित्सालय प्रयागराज में लिक्विड ऑक्सीजन संयंत्र लगाने की भी तैयारी की है।
एनसीआर चिकित्सा विभाग के अफसरों के साथ हुए वेबिनार में रेलवे बोर्ड के महानिदेशक रेलवे स्वास्थ्य सेवा डॉ बी पी नंदा ने उत्तर मध्य रेलवे को कोविड -19 के व्यापक प्रबंधन के लिए बधाई दी। वेबिनार में एनसीआर के प्रमुख मुख्य चिकित्सा निदेशक डा. आनंद टंडन की मौजूदगी में जीएम एनसीआर राजीव चौधरी ने कोविड -19 प्रबंधन में उत्तर मध्य रेलवे द्वारा उठाए गए कदमों को साझा किया। इस दौरान केंद्रीय चिकित्सालय के निदेशक डा. विनीत अग्रवाल ने कोविड -19 प्रबंधन के बारे में जागरूकता कार्यक्रमों, प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण, समन्वय, सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कहा कि कोविड-19 रोगियों और उनके परिवार के सदस्यों के बीच विश्वास निर्माण हेतु कई कदम उठाए गए हैं। ऐसी ही एक पहल में व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, जहां सभी नए मरीजों को उनके परिवार के सदस्यों और डॉक्टर के साथ के साथ जोड़ा जाता है ताकि मरीजों और उनके परिवार के सदस्यों के साथ इलाज, मरीज की स्थिति और आगे की संभावनाओं के बारे में वास्तविक स्थिति को साझा किया जा सके।