इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा है कि दर्ज एनसीआर में चार्जशीट पर कोर्ट के संज्ञान लेने के बाद उसी घटना को लेकर कायम किया गया परिवाद नहीं चल सकता। कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि एक ही घटना को लेकर कई केस नहीं चल सकते। कोर्ट ने कहा कि इसमें शिकायतकर्ता की गलती नहीं है। ट्रायल कोर्ट की गलती है। जब एनसीआर में पुलिस चार्जशीट पर कोर्ट ने संज्ञान ले लिया था तो परिवाद केस पर पुलिस को रिपोर्ट मंगानी चाहिए थी।
कोर्ट ने एसीजेएम जौनपुर की अदालत में लंबित अजय बनाम प्रेमनाथ मिश्र व अन्य परिवाद केस में पारित 26 अप्रैल 24 के आदेश को रद्द कर दिया है। कोर्ट ने प्रकरण वापस करते हुए एनसीआर केस में पुलिस चार्जशीट पर विचार कर नए सिरे से आदेश पारित करने का निर्देश दिया है। न्यायमूर्ति सौरभ श्याम शमशेरी ने प्रेमनाथ मिश्र व पांच अन्य की याचिका पर यह आदेश दिया है।
13 मार्च 23 को दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से एनसीआर दर्ज कराई गई। विवेचना अधिकारी ने एक पक्ष की तरफ से दर्ज केस में संज्ञेय अपराध में चार्जशीट दाखिल की। शिकायतकर्ता के एनसीआर में मारपीट की धाराओं में चार्जशीट दी। इस पर शिकायतकर्ता ने भी संज्ञेय धाराओं में परिवाद दाखिल किया। मजिस्ट्रेट ने बयान दर्जकर याची को समन जारी किया। याचिका में चुनौती दी गई थी, जिसे कोर्ट ने रद्द कर दिया है।