चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही संगमनगरी से देवी धामों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। बुधवार रात से ही प्रयागराज जंक्शन पर मैहर और विंध्याचल जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ जुटने लगी।
चैत्र नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही संगमनगरी से देवी धामों की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। बुधवार रात से ही प्रयागराज जंक्शन पर मैहर और विंध्याचल जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ जुटने लगी। स्टेशन परिसर जय माता दी के उद्घोष से गुंजायमान रहा। इस बीच रोडवेज ने भी मोर्चा संभालते हुए बसों के फेरे बढ़ा दिए। प्रयागराज से विंध्याचल और मैहर की ओर जाने वालीं लगभग सभी ट्रेनें फुल चल रही हैं। स्लीपर तो दूर, जनरल कोच में भी पैर रखने की जगह नहीं है। लोग गेट पर लटककर सफर करने को मजबूर दिखे। रेलवे प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ रही है।
विज्ञापन
वहीं, उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) ने श्रद्धालुओं की राह आसान करने के लिए कमर कस ली है। बृहस्पतिवार सुबह विंध्याचल के लिए प्रत्येक 15 मिनट पर बसों का संचालन किया गया। हालांकि, दोपहर के समय यात्रियों की संख्या में कुछ कमी आने पर 30 मिनट के अंतराल पर बसें चलाई जाने लगीं। अधिकांश बसों का संचालन लेप्रोसी नैनी से हुआ। कुछ बसों की रवानगी जीरोरोड बस स्टेशन के बाहर से भी हुई। यूपी रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अफसर व कर्मचारी लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी यात्री को स्टेशन पर ज्यादा देर तक इंतजार न करना पड़े।