प्रयागराज के तीन केंद्रों में छात्रवृत्ति के लिए हुई परीक्षा
रिजनिंग के सवालों ने उलझाया तो बाकी ने दी राहत
प्रयागराज। आठवीं और दसवीं के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा रविवार को प्रयागराज के तीन केंद्रों में आयोजित की गई। रिजनिंग के उलझाऊ सवालों ने परीक्षार्थियों को परेशान किया लेकिन, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के सवाल बच्चों को आसान लगे।
प्रयागराज में परीक्षा राजकीय इंटर कॉलेज, केपी इंटर कॉलेज और हिंदू महिला इंटर कॉलेज में सुबह आठ से दो 12 बजे तक आयोजित की गई। राजकीय इंटर कॉलेज में 950 विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत थे। आठवीं के छात्रों की परीक्षा में महज 10 और दसवीं के छात्रों की परीक्षा में 40 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। उपस्थित तकरीबन 95 फीसदी रही। अन्य दो केंद्रों में भी अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी अच्छी रही।
परीक्षा दो खंडों में आयोजित की गई। पहले खंड में सामान्य मानसिक योग्यता परीक्षण और शैक्षिक अभिरुचि परीक्षण की परीक्षा हुई। दूसरे प्रश्न पत्र में विज्ञान के 40, सामाजिक विज्ञान के 40 और गणित के 20 सवाल पूछे गए। दोनों खंडों की परीक्षा में 100-100 प्रश्न पूछे गए। पहले प्रश्न पत्र में रिजिनिंग के सवालों ने अभ्यर्थियों को काफी उलझाकर रखा। दूसरे पेपर में गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के सवालों को बच्चों ने आसानी से हल किया।
आठवीं और दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए हुई इस परीक्षा में भी अनुच्छेद-370 से बारे में पूछा गया। सवाल आया कि अनुच्छेद 370 किससे संबंधित था। चार विकल्प दिए गए, जिनमें उत्तर प्रदेश, नागालैंड, जम्मू-कश्मीर और तेलंगाना शामिल हैं। एक सवाल यह भी पूछा गया कि भारतीय संविधान सभा की पहली बैठक की अध्यक्षता किसने की थी? विकल्प के रूप में सच्चिदानंद सिन्हा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बीआर अंबेडकर, एचपी कामथ के नाम दिए गए। इसके अलावा सूचना का अधिकार, विश्व की सबसे बड़ी नहर, चिपको आंदोलन, राष्ट्रपति शासन आदि के बारे में भी सवाल पूछे गए।