कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी
- फोटो : अमर उजाला
सूबे के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी की कोरोना जांच की रिपोर्ट रविवार को निगेटिव आ गई। नंदी ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि आज मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके लिए ईश्वर का धन्यवाद। इस कठिन समय के दौरान लोगों ने मेरे स्वास्थ्य लाभ के लिए शुभकामनाएं दी और मेरा एवं मेरे परिजनों को ढांढस बंधाया।
नंदी ने कहा कि प्रयागराज शहर दक्षिणी में पार्टी कार्यकर्ता/ समर्थकों द्वारा मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारों में मेरे स्वस्थ होने के लिए अनुष्ठान पूजा-अर्चना-व्रत हवन और दुआ की गई। यह मेरे लिए संजीवनी की तरह प्रभावी रहा। उधर नंदी की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उनके समर्थकों ने भी खुशी जताई। उनकी पत्नी एवं मेयर अभिलाषा गुप्ता जो खुद पिछले कुछ दिनों से लखनऊ में है, उन्होंने भी ट्ववीट कर नंदी की रिपोर्ट निगेटिव आने की जानकारी दी। पार्षद मिथिलेश सिंह, रतन दीक्षित, देवेंद्र नाथ मिश्र, हर्ष केसरी, शंशाक शेखर पांडेय, विजय बहादुर सिंह, राजेश निषाद आदि ने नंदी की रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं दी।