धूमनगंज में रहने वाली एक नामी स्कूल की शिक्षिका का नंबर हैक कर साथी शिक्षिका को अश्लील वीडियो भेजे गए। यही नहीं गालियों भरा मैसेज भी भेजा गया। शिक्षिका की शिकायत पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
धूमनगंज में रहने वाली शिक्षिका शहर के एक नामी स्कूल में 11वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को पढ़ाती हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि वर्तमान में वह छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराती हैं। पढ़ाई के दौरान ही एक दिन उनका मोबाइल नंबर हैक कर लिया गया। जिसके बाद उनके नंबर से उनकी सहयोगी शिक्षिका के मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजे गए। यही नहीं 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों के व्हाट्सएप ग्रुप में भी उनके नंबर से अश्लील वीडियो भेजे गए।
साथ ही मैसेज भेजकर गालीगलौज भी की गई। भुक्तभोगी शिक्षिका ने एसपी क्राइम से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद अफसरों के आदेश पर धूमनगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल तहरीर के आधार पर अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले में गालीगलौज के साथ ही आईटी एक्ट की दो धाराएं लगाई गई हैं। विवेचना में सहयोग के लिए साइबर सेल से भी मदद ली जा रही है।