थाना नैनी से तीन सौ मीटर दूर एक गेस्ट हाउस के सामने बृहस्पतिवार सुबह पैदल घर जा रही 90 वर्षीय वृद्धा को बालू लदे ट्रक ने रौंद दिया। आसपास के लोगों ने चालक को पकड़ते हुए सूचना पुलिस और परिजनों को दी। सूचना पाकर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची।
थाना क्षेत्र के चक दाउदनगर निवासी डंगरी देवी (90) सुबह तकरीबन 10:30 बजे मेवा लाल की बगिया तिराहे के समीप स्थित अपने पोते आकाश जायसवाल की दुकान से घर लौट रही थीं। जैसे ही वह अभिनंदन गेस्ट हाउस के समीप पहुंचीं, निर्माणाधीन मकान पर बालू गिराकर लौट रहे ट्रक ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे में वृद्धा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। उन्होंने आरोपी चालक को पकड़ते हुए सूचना पुलिस और परिजनों को दी। पुलिस ने ट्रक चालक को ट्रक समेत हिरासत में ले लिया है। मामले में आकाश जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।