प्रयागराज। पॉलिथीन के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। ट्रांसपोर्ट नगर में एक गोदाम के भीतर रखी 19 बोरी प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी गई। इसके अलावा कटरा, गऊघाट, नैनी, एजी ऑफिस, चंद्रशेखर आजाद पार्क के आसपास भी पॉलिथीन जब्त कर कुल एक लाख 60 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला गया। साथ ही 43 हजार 350 रुपये मलबा शुल्क वसूला गया। जुर्माना न देने पर सात लोगों का चालान किया गया।
जोनल अधिकारी मयंक यादव, रवीेंद्र कुमार, सहायक नगर आयुक्त ओम प्रकाश और अतिक्रमण निरीक्षक मनोज यादव की टीम ने खुल्दाबाद जोन के तहत ट्रांसपोर्ट नगर में गति ट्रांसपोर्ट के सामने 19 बोरी और अलग से 25 किलो के बंडल में रखी पॉलिथीन जब्त कर ली। साथ ही एक लाख रुपये जुर्माना वसूला। इसके बाद गऊघाट क्षेत्र में एक किलो पॉलिथीन जब्त करते हुए 2900 रुपये जुर्माना वसूला। मुंडेरा मंडी में भी पॉलिथीन जब्त कर 1100 रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह कटरा जोन के तहत कटरा, एजी ऑफिस एवं चंद्रशेखर आजाद के आसपास के क्षेत्र से 12 किलोग्राम पॉलिथीन जब्त की गई और 57 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं, जागृति हॉस्पिटल के पास सड़क किनारे बालू रखकर अतिक्रमण करने पर 40 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। इस क्षेत्र में सात अन्य लोगों ने जुर्माना नहीं दिया, जिनका नगर निगम ने चालान कर दिया। वहीं, नैनी क्षेत्र में दो किलो पॉलिथीन जब्त करते हुए 1500 रुपये जुर्माना और 2350 रुपये मलबा शुल्क वसूला गया।
चौफटका पर दो जेनरेटर जब्त, ट्रकों की हवा निकाली
अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत दौर चौफटका में रोड पटरी पर रखे दो जेनरेटर नगर निगम ने जब्त कर लिए। पास में ही सड़क किनारे कई दिनों से दो ट्रक खड़े थे। ट्रक मालिकों को बुलाया गया लेकिन कोई नहीं आया, इस पर दोनों ट्रकों की हवा निकाल दी गई। अतिक्रमण निरीक्षक मनोज कुमार यादव ने बताया कि चौफटका पुल के नीचे चल रही अवैध डेयरी को भी ध्वस्त किया गया और अवैध वेंडरों पर जुर्माना भी लगाया गया।