प्रयागराज, 1 अगस्त। जलकल विभाग में वसूली एवं जन शिकायत की व्यवस्था को ऑनलाइन किया जाए और सभी शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर किया जाए। महापौर अभिलाषा गुप्ता ‘नंदी’ ने बृहस्पतिवार को जलकल विभाग के निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
कहा कि प्रत्येक की पहली एवं 15 तारीख को वह शिकायतें सुनेंगी। महाप्रबंधक रतन लाल को निर्देश दिया कि एक ही पटल पर तीन साल से अधिक समय से जमे कर्मचारियों का पटल तत्काल बदला जाए। इसके अलावा उन्होंने सभी नलकूपों में टाइमर लगाने को कहा और शिकायत सेल का भी गठन किया। तय हुआ कि किसी को कोई शिकायत है तो वह मोबाइल नंबर ‘9415125023’ पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। महापौर ने कंट्रोल रूम को जलकल मुख्यालय के गेट पर स्थापित करने को कहा और परिसर के भीतर जलकल यूनियन के आवंटित कमरे को तत्काल निरस्त करते हुए परिसर के बाहर कमरा आवंटित करने के निर्देश दिए।
यह भी कहा कि पूर्व की भांति बकाएदारां को नोटिस भेजने के बाद आरसी प्रक्रिया के लिए सदन में प्रस्ताव रखा जाए। साथ ही सभी जोनों के लीकेज, खासतौर पर जोन-4 में लीकेज को चिह्नित करते हुए तत्काल ठीक कराया जाए। वहीं, परिसर के भीतर बड़ी मात्रा में पड़े कबाड़ को नीलाम करने और परिसर में सिक्योरिटी गार्ड की व्यवस्था करने को कहा। बैठक में सचिव हरिश्चंद्र बाल्मीकि, अधिशासी अभियंता पुरुषोत्तम, सौरभ श्रीवास्तव, अवर अभियंता चंद्रपाल, सहायक लेखाधिकारी सुजीत कुमार आदि मौजूद रहे।