फूलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा से उम्मीदवार कौशलेंद्र सिंह पटेल सोमवार की देर शाम इलाहाबाद पहुंच गए। यहां बांध स्थित लेटे हुए हनुमान जी का आशीर्वाद लेने के साथ उन्होंने संगम तट पर गंगा जल का आचमन किया। पार्टी कार्यालय आने पर उनका जोरदार स्वागत भी किया गया। कौशलेंद्र मंगलवार को अपना पर्चा दाखिल करेंगे। इस दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहेंगे।
एक जुलाई 1974 को जन्मे कौशलेंद्र सिंह पटेल 2007 से 2012 तक वाराणसी के पूर्व मेयर रह चुके हैं। तब वे उत्तर प्रदेश में सबसे युवा महापौर के रूप में निर्वाचित हुए थे। मिर्जापुर जिले के चुनार के मगरहा गांव के ही कौशलेंद्र को ंपूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह ने राजनीति का ककहरा सिखाया। बीएचयू से स्नातक कौशलेंद्र ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से राजनीति में प्रवेश किया। इसके बाद उन्हें भाजपा के युवा मोर्चा में प्रदेश कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य भी वे रह चुके हैं। इसी दौरान उन्हें मेयर का टिकट दिया गया।
मेयर के बाद उन्हें भाजपा प्रदेश संगठन मेें प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी दी गई। अभी वर्तमान में वे प्रदेश मंत्री हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान कौशलेंद्र को काशी प्रांत की परिवर्तन यात्रा की जिम्मेदारी दी गई थी। इस दौरान वे काशी प्रांत के सभी जिलों में परिवर्तन यात्रा लेकर गए थे। भाजपा के मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव के मुताबिक इस बार उन्हें गोरखपुर लोकसभा उपचुनाव के लिए प्रभारी बनाकर भेजा गया था। उधर सोमवार की शाम इलाहाबाद आने के बाद कौशलेंद्र ने लेटे हुए हनुमान जी और मां गंगा का दर्शन करने के बाद अलोपी बाग स्थित सरदार बल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बालसन चौराहे पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर भी उन्होंने माल्यार्पण किया। सिविल लाइंस स्थित रॉयल होटल पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी आदि ने उनका स्वागत किया। इस दौरान शशि वार्ष्णेय, डा. कमला सिंह, सुबोध सिंह, शिवेंद्र मिश्र, विशाल अग्रवाल, आशीष गुप्ता, रवि केसरवानी, मनोज कुशवाहा, विक्रमाजीत सिंह भदौरिया आदि मौजूद रहे।
नामांकन जुलूस में रहेेंगे टंडन, नंदी और सिद्धार्थनाथ
0 फूलपुर उपचुनाव के लिए कौशलेंद्र सिंह पटेल 20 फरवरी की सुबह दस बजे चंद्रशेखर आजाद पार्क से जुलूस लेकर कलक्ट्रेट परिसर में जाकर अपना नामांकन करेंगे। नामांकन जुलूस में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन, सिद्धार्थ नाथ सिंह, डा. रमापति शास्त्री, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद श्यामा चरण गुप्ता, मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी, एमएलसी डा. यज्ञदत्त शर्मा, विधायक विक्रमाजीत सिंह मौर्य, हर्षवर्धन बाजपेयी, डा. अजय भारती, नीलम करवारिया, राजमणि कोल, प्रवीण पटेल, शीतला पटैल, जमुना प्रसाद सरोज आदि शामिल होंगे। नामांकन बाद चुनाव के लिए सिविल लाइंस स्थित होटल रॉयल में बनाए गए केंद्रीय कार्यालय में डिप्टी सीएम एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।