इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की नैक ग्रेडिंग के लिए नैक की टीम मंगलवार को विश्वविद्यालय पहुंची। छह सदस्यीय टीम ने नॉर्थ हॉल में कई विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की और इसके बाद वित्त अधिकारी (एफओ), रजिस्ट्रार कार्यालय, दरभंगा हॉल और नवनिर्मित सीसीबीएस भवन का निरीक्षण किया। नैक की टीम बुधवार को भी विश्वविद्यालय में कई विभागों का दौरा करेगी। इससे पूर्व टीम के विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. रतन लाल हांगलू ने उनका स्वागत किया। कुलपति से शिष्टाचार भेंट के बाद नैक की टीम नॉर्थ हॉल पहुंची।
वहां कई विभागाध्यक्षों, डीन एवं डायरेक्टर ने नैक टीम के समक्ष पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। सेंटर फॉर फूड टेक्नोलॉजी, विधि विभाग, वनस्पति विज्ञान विभाग, संस्कृत विभाग और गणित विभाग के अध्यक्षों ने टीम के समक्ष विभाग की पिछले कुछ वर्षों की उपलब्धियां बताईं और यह भी बताया कि भविष्य के लिए उनकी कार्ययोजना क्या है दोपहर बाद टीम ने नवनिर्मित सीबीसीएस भवन का दौरा किया और शाम पांच बजे टीम ने विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी कार्यालय एवं रजिस्ट्रार कार्यालय का दौरा किया, जहां टीम के सदस्यों ने कई फाइलें देखीं। टीम दरभंगा हॉल भी गई, जहां विश्वविद्यालय का केंद्रीय कार्यालय है।
टीम ने दरभंगा हॉल का काफी विस्तार एवं गंभीरता से मुआयना किया। कार्यालयों की कार्यपद्धति को देखा। नैक टीम के सम्मान में विश्वविद्यालय के संगीत विभाग की ओर से सांस्कृति संध्या का आयोजन किया गया। इसमें विभाग के छात्र-छात्राओं ने सूफी गायन, सितार वादन, तबला वादन एवं लोकनृत्य प्रस्तुत किया। इस मौके पर विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ प्रोफेसर एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
टीम ने अपने हिसाब से किया दौरा
- नैक की टीम ने पहले दिन अपने हिसाब से विश्वविद्यालय का दौरा किया। सूत्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने जो कार्यक्रम बना रखा था, नैक की टीम ने उस कार्यक्रम की जगह विश्वविद्यालय प्रशासन के अफसरों को चौंकाते हुए अपने हिसाब से विश्वविद्यालय का दौरा किया और मौके पर स्थिति देखते हुए उसका मूल्यांकन किया। टीम कम से कम यहां दो दिन और रुकेगी और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों का दौरा करेगी।