इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यों की नैक पियर टीम ने सोमवार को दोबारा समीक्षा की और इस दौरान उनका रुख सकारात्मक रहा। समीक्षा के दौरान टीम ने विश्वविद्यालय प्रशासन का पक्ष सुना। साथ में उनके पक्ष में दस्तावेजों को भी देखा।
नैक पियर टीम ने मई में विश्वविद्यालय का दौर कर विभिन्न मानकों पर समीक्षा की थी। टीम ने रिपोर्ट भी सौंप दी थी लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कई बिंदुओं पर आपत्तियां जताते हुए पुनर्विचार की अपील की गई थी। इसमें विद्यार्थियों की संख्या को लेकर भी आपत्ति थी। इसी क्रम में टीम ने सोमवार को नौ बिंदुओं पर समीक्षा की। सभी बिंदुओं पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपना पक्ष रखा।
पीआरओ प्रो. जया कपूर का कहना है कि नैक पियर टीम के साथ इंट्रैक्शन बहुत सकारात्मक रहा। सदस्यों की प्रतिक्रिया उत्साहवर्धक थी। अब शीघ्र ही विश्वविद्यालय को इस समीक्षा के आधार पर रेटिंग की सूचना दी जाएगी।
-
कार्यपरिषद ने वित्त अधिकारी के साथ पांच शिक्षकों की नियुक्ति को दी मंजूरी
कार्यपरिषद की मंजूरी मिलने के बाद हिमांशु श्रीवास्तव ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के स्थायी वित्त अधिकारी के पद कार्यभार संभाल लिया। कार्यपरिषद की बैठक में अर्थशास्त्र विभाग में पांच शिक्षकों को नियुक्ति और कॅरिअर एडवांसमेंट स्कीम के तहत 59 अध्यापकों के प्रमोशन को भी मंजूरी मिल गई।
कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई अन्य निर्णय भी लिए गए। नए कुलपति के चयन के लिए सर्च कमेटी के दो सदस्यों के नामों पर भी चर्चा हुई। जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने बताया कि कार्यपरिषद की संस्तुति के बाद 17 विभागों के 59 शिक्षकों को कैस के तहत पदोन्नति प्रदान की गई है।
इसमें नौ शिक्षकों को एसोसिएट प्रोफेसर से प्रोफेसर के पद पर पदोन्नति मिली है। विधि विभाग के डाॅ. अजय सिंह, डाॅ. अंशुमान मिश्र, डाॅ. नवीन प्रकाश वर्मा, डाॅ. रोशल लाल को प्रोफेसर के पद पर पदोन्नति मिली है। भौतिक विज्ञान विभाग के डाॅ. नीतिकांत, डाॅ. तारकेश्वर त्रिवेदी, डाॅ. कमलेश यादव और डाॅ. रजनीश कुमार वर्मा, सांख्यिकी विभाग के डाॅ. परमेंद्र सिंह पुंडीर भी एसोसिएट से प्रोफेसर हो गए हैं।
इनके अलावा पांच असिस्टेंट प्रोफेसरों को एसोसिऐट प्रोफेसर के पद पर पदोन्नत किया गया है। 11 सहायक शिक्षकों को स्टेज-2 से स्टेज-3 पर पदोन्नत किया गया है। वहीं, सहायक प्रोफेसरों को स्टेज-1 से स्टेज-2 पर पदोन्नत किया गया है।
प्रो. जया कपूर के अनुसार अर्थशास्त्र विभाग में डाॅ. सुनील कुमार पाधी को प्रोफेसर नियुक्त किया गया है। डाॅ. नामेराकपम टाइबैनगंगाबी, डाॅ. अविनाश कुमार सिंह यादव, डाॅ. खेत्रीमयम राबीकन सिंह और डाॅ. अनामिका कुमारी को सहायक प्रोफेसर के पद पर नियुक्ति मिली है। वहीं अनिल कुमार को नर्सिंग अधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। योगेंद्र सिंह रावत व मनोज कुमार पाल को पशुचारक के पद पर नियुक्त किया गया है।