इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर, एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए फिर इंतजार करना पड़ेगा। दो दिन में तीन विषयों के लिए मंगलवार को इंटरव्यू संपन्न हो गया लेकिन इसके बाद का कार्यक्रम अभी घोषित नहीं हुआ है।
विश्वविद्यालय में सामान्य चयन के अंतर्गत 290 तथा बैकलॉग के तहत 44 पदों के लिए अलग-अलग आवेदन मांगे गए। सामान्य चयन के तहत तो फरवरी में आवेदन मांगा गया था। इस तरह से सात महीने के इंतजार के बाद सोमवार को सीबीसीएस के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार शुरू हुआ। हालांकि साक्षात्कार दोनों भर्तियों के लिए एक साथ हो रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को एटमॉस्फेरिक साइंस तथा अर्थ एंड प्लेनेटरी साइंस के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ। इसके बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया एक बार फिर रुक गई है।