फूलपुर कोतवाली में पुलिस गिरफ्त में युवती की हत्या के नामजद अभियुक्तगण।
युवती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए प्रेमी, उसके भाई और पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामला प्रेम संबंध और शादी के दबाव से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के संदलपुर मलेथुआ गांव में बृहस्पतिवार को युवती का शव मिलने पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजकर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। पुलिस ने तीनों आरोपियों मोनिस पटेल, विकास पटेल और लालबहादुर पटेल को गिरफ्तार किया।
सहायक पुलिस आयुक्त फूलपुर विवेक यादव ने बताया कि पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मोनिस पटेल और मृतका के बीच प्रेम संबंध था। इसी बीच मोनिस की शादी दूसरी जगह तय हो गई, जिसके बाद युवती उस पर शादी का दबाव बनाने लगी थी। इसके बाद आरोपियों ने युवती की गला दबाकर हत्या कर शव को घर के पास खंडहर में नीम के पेड़ के नीचे फेंक दिया था।
प्रेमिका की हत्या कर नई जिंदगी बसाने चला था प्रेमी
प्रेम संबंध का अंत एक ऐसी दर्दनाक वारदात में बदल गया, जिसने इंसानियत और रिश्तों दोनों को झकझोर दिया। जिस प्रेम कहानी की शुरुआत साथ जीने-मरने के वादों से हुई थी। वही कहानी एक युवती की हत्या के साथ खत्म हो गई। दूसरी शादी की राह में बाधा बनी प्रेमिका को हटाने के लिए आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मोनिस पटेल और रेखा पटेल के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती थी और संबंध गहराते जा रहे थे। इसी बीच मोनिस की शादी हंडिया क्षेत्र के ढोकरी गांव में तय हो गई थी, जिसका रेखा ने विरोध शुरू कर दिया था। वह मोनिस से विवाह कर साथ जीवन बिताने की जिद पर अड़ी हुई थी। बताया जाता है कि वह गर्भवती भी थी, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया था।