फूलपुर। सरायममरेज के बरेंद्र गांव मेें मंगलवार रात खड़ंजा बिछाने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें गंभीर रूप से चोटिल राजेश कुमार(35) की मौत हो गई। शव मर्चरी ले जाया जा रहा था तभी परिजनों ने जीटी जवाहर चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने बहुत समझाया तब करीब आधे घंटे बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। खबर लिखे जाने तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी।
बरेंद्र गांव में पिछले कई दिनों से रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में तनातनी चल रही थी। गांव के रणजीत पटेल आदि का आरोप है कि दलित समुदाय के लोग जबरन उनके खेत से रास्ता बना रहे थे। 15 दिन पहले उन्होनें खेत में रास्ता बनाने के लिए मिट्टी डाल दी। सूचना पर पुलिस पहुंची और मामला शांत करा दिया। आरोप है कि मंगलवार रात 8.30 बजे के करीब फिर से दलित समुदाय के लोगों ने रास्ते पर काम शुरू कर दिया। वह इस पर खड़ंजा बिछाने लगे। सूचना पर पुलिस पहुंची और देा युवकों को पकड़ लिया। इसी दौरान दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते वहां ईंट पत्थर व लाठी डंडे चलने लगे। इसमें राजेश पुत्र हरिश्चंद्र गंभीर रूप से चोटिल हुआ। उसे सीएचसी प्रतापपुर ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जिस पर परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस किसी तरह समझाकर शव कब्जे में लेकर मर्चरी जाने लगी। हालांकि रास्ते में जीटी जवाहर चौराहे पर एक बार फिर परिजन आक्रोशित हो गए और शव रखकर वहां जाम लगा दिया। सूचना मिली तो दारागंज, कीडगंज व जार्जटाउन की फोर्स बुला ली गई। परिजनों का आरोप था कि पुलिस की मौजूदगी में युवक को मारपीट कर हत्या कर दी गई। परिजनों ने बहुत समझाया तब जाकर लोग शांत हुए। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेजवाया गया। मामले में देर रात तक पुलिस को तहरीर नहीं मिल सकी थी। एसपी गंगापार नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। जांच पड़ताल की जा रही है।