भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने नगर निगम के जोन सात कार्यालय में तैनात राजस्व निरीक्षक राधा देवी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने नगर निगम के जोन सात कार्यालय में तैनात राजस्व निरीक्षक राधा देवी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन पर उपभोक्ता से बढ़े हुए गृहकर को संशोधित करने के एवज में रुपये मांगने का आरोप है। शांतिपुरम निवासी शारिक अहमद ने एंटी करप्शन में शिकायत की थी।
विज्ञापन
आरोप था कि मां के नाम दर्ज मकान के बढ़े हुए गृहकर को संशोधित करने के एवज में राजस्व निरीक्षक राधा देवी 20 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। शिकायत पर एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की और मंगलवार को ट्रैप की कार्रवाई की। 14 सदस्यीय टीम नगर निगम जोन-7 फाफामऊ कार्यालय पहुंची। दोपहर करीब 1:16 बजे लोकसेवक साक्षियों और ट्रैप टीम की मौजूदगी में राधा देवी को कथित रूप से 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद टीम आरोपी को थाने ले गई और आगे की कार्रवाई शुरू की। जांच में पता चला कि राधा देवी प्रयागराज में राजस्व निरीक्षक क्षेत्र फाफामऊ के पद पर तैनात थीं। उनका स्थायी पता प्रतापगढ़ के मान्धाता क्षेत्र का बताया गया है, जबकि प्रयागराज में शिवकुटी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर में अस्थायी पता है।