नगर निगम की ओर से शनिवार को रामबाग और प्रयाग स्टेशन के आसपास के इलाकों के साथ विश्वविद्यालय मार्ग पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। रामबाग में लल्लू एंड संस का कार्यालय नाले तक बढ़ा लिया गया था। अफसरों ने अतिक्रमण हटवाने के साथ 25 हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। अभियान के दौरान निगम ने कुल 53 हजार रुपये जुर्माने के रूप में वसूले।
नगर आयुक्त हरिकेश चौरसिया की अगुवाई में अलग-अलग हुई कार्रवाई में 12 टीन शेड, 15 झोपड़ियां, 21 गुमटी हटाए गए। कई लोगों ने सड़क पर अतिक्रमण कर बाउंड्री बनवा ली थी। ऐसे पांच लोगों की बाउंड्री गिराई गई और जुर्माना वसूला गया। विश्वविद्यालय क्षेत्र से 13 कपड़े के दुकानदाराें को भी हटाया गया।
नगर निगम की ओर से जगह-जगह रैन बसेरा खोले जाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन एक सच्चाई यह भी है कि उनमें न खाने की व्यवस्था है और न ही पानी है। इतना ही नहीं अतिक्रमण भी है। यह सच्चाई खुद नगर आयुक्त ने शनिवार को फाफामऊ में देखी। नगर आयुक्त ने वाराणसी मार्ग पर बने रैन बसेरा का निरीक्षण किया। उसके चारों तरफ अतिक्रमण हो गया था। पता ही नहीं चल रहा था कि वहां कोई रैन बसेरा भी है। पुलिस की मदद से अतिक्रमण तथा रजाई-गद्दे की दुकानें हटवाईं। वहां पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने 24 घंटे में बोरिंग कराने, टंकी रखवाने, नाली और स्नानघर बनवाने का निर्देश दिया। वहां किचन तो था लेकिन नाममात्र के लिए। उन्होंने किचन की मरम्मत और सफाई का निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने शौचालय की सफाई तथा अन्य व्यवस्था के भी निर्देश दिए। इसके अलावा अपर नगर आयुक्त रितु सुहास ने भी कल्याणी देवी, मालवीय नगर आदि मोहल्लों का निरीक्षण किया।
ठंड को देखते हुए नगर निगम की ओर से शहर में 44 स्थानों पर अलाव जलवाए जाएंगे। नगर आयुक्त की ओर से इसका निर्देश मुख्य अभियंता को दिया गया है। सबसे अधिक हैजा अस्पताल स्टोर जोन-चार में 11 जगह अलाव जलाए जाएंगे। जोन-एक रसूलपुर और तीन इंडियन प्रेस स्टोर में तीन-तीन, जोन-दो लीडर रोड में आठ तथा जोन-पांच नैनी स्टोर के अंतर्गत पांच जगहों पर अलाव जलाए जाएंगे।