MR found dead in nullah, missing since evening
नाले में मृत पड़ा मिला शाम से लापता एमआर
जार्जटाउन में मेडिकल चौराहे के पास मिला शव
प्रयागराज। जार्जटाउन में मेडिकल चौराहे के पास स्थित नाले में सुबह एमआर रीतेश कुमार सिंह का शव पड़ा मिला। वह बुधवार शाम को घर से निकले थे और इसके बाद उनका कुछ पता नहीं चला। पुलिस आशंका जता रही है कि शराब के नशे में नाले में गिरने से उसकी मौत हुई।
मूल रूप से रायबरेली में रहने वाला रीतेश मेडिकल रिप्रेंजेटेटिव था। वह मीरापुर में पत्नी प्रियंका व छह वर्षीय बेटी के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक, वह बुधवार शाम स्कूटी लेकर घर से निकला था। इसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे के करीब मेडिकल चौराहे पर स्थित र्साइं मंदिर के पास वह नाले में मृत पड़ा मिला। पास ही उसकी स्कूटी भी खड़ी थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और जेब में मिले दस्तावेज से शिनाख्त के बाद घरवालों को सूचना दी। जिस पर भाई दीपांजनि सिंह व अन्य परिजन पहुंचे। जार्जटाउन पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल में पता चला है कि बुधवार रात 10 बजे के करीब रीतेश ने घटनास्थल के पास स्थित दुकान से शराब खरीदी थी। दुकान बंद होने वाली थी तभी वह पहुंचा था। आशंका है कि शराब के नशे में वह नाले में गिर गया और फिर निकल नहीं सका। उधर रात होने की वजह से किसी की नजर भी नहीं पड़ी। सुबह सूचना मिली तो मौके पर पहुंचकर शव बाहर निकलवाया गया।