शंकरगढ़ को मिले स्थायी पेयजल व्यवस्था
पूर्व सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने क्षेत्र में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर पीपीजीसीएल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि गर्मियों में शंकरगढ़ टाउन क्षेत्र के लोगों को हर वर्ष गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ता है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि इंसानों के साथ पशुओं तक के लिए पानी की व्यवस्था मुश्किल हो जाती है।
सांसद ने बताया कि कुएं, तालाब और नाले गर्मी में सूख जाते हैं जिसके चलते प्रशासन को टैंकरों के जरिये पानी उपलब्ध कराना पड़ता है। उन्होंने सुझाव दिया कि यमुना नदी से लिफ्ट होकर जो पानी पीपीजीसीएल प्लांट तक पहुंचता है, उसमें से अतिरिक्त पानी को पाइपलाइन के माध्यम से शंकरगढ़ टाउन एरिया तक पहुंचाया जाए।
यदि सुबह-शाम निर्धारित समय में पानी की सप्लाई हो सके, तो हजारों लोगों को राहत मिल सकती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि भीटा सरफेस वाटर योजना लगभग तैयार है और जल्द शुरू होने की संभावना है लेकिन यह योजना केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित है। इससे जसरा और शंकरगढ़ ब्लॉक के गांवों तथा नगर क्षेत्र को इससे लाभ मिलेगा।