सांसद फूलपुर केशरी देवी पटेल ने सिविल लाइंस स्थित गर्ल्स हाईस्कूल की प्रधानाचार्य डा. विनीता ईसूवियस की शिकायत डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से की है। उन्होंने अपने शिकायती पत्र में इस स्कूल में कार्यरत हिंदू धर्म की शिक्षिकाओं से बाइबिल का पाठ करवाया जा रहा है। अगर कोई शिक्षिका ऐसा करने से इंकार करती है तो उसे नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।
सांसद ने अपने पत्र से यह भी कहा है कि यहां कई अन्य माध्यमों से भी धार्मिक पुस्तक न पढ़ने वाली शिक्षिकाओं को प्रताड़ित किया जा रहा है। ताकि शिक्षिकाएं स्वयं नौकरी छोड़ दें। वहां की प्रधानाचार्य का यह कृत्य देश के संविधान के खिलाफ है। यह भी कहा कि प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय में कई-कई वर्ष से कार्यरत शिक्षिकाओं की सेवा हो जाने के बाद उन्हें स्थायी नहीं किया जा रहा है।
यहां बिल्डिंग निर्माण में अनियमितता के साथ फीस वृद्धि एवं अन्य कई तरह के नियम विरुद्ध कार्य की जानकारी मिली है। इस मामले को सरकार गंभीरता से ले और प्रधानाचार्य के कार्यकलापों की जांच करवाई जाए। इसके पूर्व भाजपा सांसद ने पवन श्रीवास्तव ने भी तीन दिन पहले इस मामले में एसीएम-2 संत कुमार श्रीवास्तव को ज्ञापन सौंपा था। उन्होंने भी ज्ञापन के माध्यम से हिंदू शिक्षिकाओं एवं छात्राओं के उत्पीड़न की शिकायत की थी।