प्रयागराज से गोरखपुर के लिए शुरू हो रही फ्लाइट को शहरियों ने हाथों हाथ लिया है। इस फ्लाइट के पहले सफर को लेकर आधी से ज्यादा सीटेें फुल हो जाने के बाद इसका किराया भी तीन हजार रुपये के आंकड़े को पार कर गया है, जबकि इस फ्लाइट की जब घोषणा हुई थी तब प्रयागराज से गोरखपुर का शुरूआती किराया 1725 रुपये निर्धारित किया गया था।
प्रयागराज से गोरखपुर के लिए निजी विमानन कंपनी इंडिगो को दस जनवरी से फ्लाइट शुरू करनी है। 72 सीट वाला एटीआर श्रेणी का विमान इन दोनों शहर के बीच उड़ेगा। इसकी बुकिंग पिछले वर्ष ही शुरू हुई। अब बुकिंग बढ़ने के साथ ही इसका किराया भी बढ़ना शुरू हो गया है। शुक्रवार की सुबह 11 बजे के आसपास प्रयागराज से गोरखपुर का किराया 2925 रुपये दर्शाया जा रहा था।
शाम चार बजे यही किराया बढ़कर 3023 रुपये हो गया। 11 से 15 जनवरी के बीच भी इस फ्लाइट का किराया 2629 तक पहुंच गया है। बता दें कि प्रयागराज से गोरखपुर के बीच सीधी विमान सेवा शुरू होने के साथ ही संगम नगरी का देश के छह शहरों से सीधा हवाई संपर्क हो जाएगा। अभी नियमित रूप से दिल्ली के लिए दो एवं मुंबई, कोलकाता और रायपुर के लिए एक-एक फ्लाइट चल रही है।